- पाइपलाइन बिछने के बाद तुरंत बाद कराई जाएगी सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के अमरपुर स्थित भवन में पानी की सुविधा जल्द होगी। जल निगम ने निर्माण कार्य को तेज कर दिया है। डोड़ाघाट से कॉलेज तक एकल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसका कार्य शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाए जाने के साथ ही सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
अमरपुर हाईवे मेडिकल कॉलेज भवन में पेयजल आपूर्ति की सुविधा नहीं है। जल निगम द्वारा लगभग चार करोड़ से पेयजल सुविधा के लिए निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसमें हाईवे से भवन तक लगभग एक किलोमीटर की लाइन पहले ही डाल दी गई थी। वहीं डोड़ाघाट से रोड़ा तक पुरानी लाइन की मरम्मत की गई थी। इसके बाद भी पानी नहीं पहुंच रहा था। इस पर नया स्वच्छ जलाशय बनाया गया है। साथ ही पंप हाउस का निर्माण किया गया है। इसका कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता मुकेश पाल का कहना है कि कार्य तेज गति से किया जा रहा है। जल्द ही लाइन को डाल दिया जाएगा। इसके साथ ही पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। इससे कॉलेज में पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच सकेगा।