फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिना अनुमति बनाए जा रहे थे पिलर, रोक लगाई

Thu, 05 Nov 2015 01:17 AM IST
ब्यूराे
विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। प्राचीन सुम्मेरा तालाब का सौंदर्यीकरण करने वाली कार्यदायी संस्था ने बिना अनुमति के सड़क पर सीमेंट के पिलर (खंभे) बनाने शुरू कर दिए। सूचना मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष ने अवर अभियंता को मौके पर भेजा और निर्माण कार्य पर रोक लगा दी।
विज्ञापन


मंदिरों की शृंखलाओं से घिरा प्राचीन सुम्मेरा तालाब नगर के लोगों की आस्था का केंद्र है। इस तालाब पर होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। पितृ विसर्जन, कार्तिक मास, जलविहार महोत्सव आदि कार्यक्रम इसी तालाब पर होते हैं। जल विहार पर्व सुम्मेरा तालाब पर होने वाला प्रमुख धार्मिक आयोजन है। इस दिन हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं।

तालाब के ऐतिहासिक स्वरूप को बेहतर बनाने के लिए इसके सौंदर्यीकरण का कार्य पर्यटन विभाग यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से करा रहा हैं। लेकिन, निर्माण इकाई ने समय से काम नहीं किया है। साथ ही तालाब की काली मिट्टी ही पेंचवर्क के रूप में प्रयोग की गई है, जबकि बाहर की मिट्टी लगाई जानी थी। पाथ-वे का काम अधर में लटका हुआ है। तालाब के अंदर की सिल्ट निकालने का काम नहीं किया गया है, जिससे गहराई नहीं बढ़ सकी है।
विज्ञापन

अब कार्यदायी संस्था बिना अनुमति लिए तालाब की ओर जाने वाले मार्ग पर खंभे बनाने का कार्य कर रही है। खंभों के निर्माण से सुम्मेरा तालाब तक जल विहार पर्व पर भगवान के विमान पहुंचने में समस्या खड़ी हो जाएगी। साथ ही जलकुंभी निकालने के लिए पहुंचने वाले ट्रैक्टर भी तालाब तक नहीं पहुंच पाएंगे। इस निर्माण कार्य की अनुमति नगर पालिका से नहीं ली गई थी। निर्माण कार्य की जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल को हुई तो उन्होंने अफसरों को निर्माण कार्य देखने के निर्देश दिए। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता विपिन कुमार व नजूल लिपिक प्रदीप सौंरयाल ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। बगैर अनुमति के कोई भी कार्य नहीं करने के निर्देश दिए।

समिति के अध्यक्ष ने दिया शिकायती पत्र
ललितपुर। श्रीनृसिंह रामलीला समिति के अध्यक्ष/पार्षद भवानी सिंह यादव ने नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल को ज्ञापन देकर बताया कि परियोजना प्रबंधक निर्माण इकाई यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड इकाई सुम्मेरा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य कर रही है।
यह संस्था धार्मिक आस्थाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। श्री नृसिंह मंदिर प्रांगण से सुम्मेरा तालाब की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए। इस पर सक्रियता दिखाते हुए नगर पालिका ने रोक लगा दी है।

निर्माण एजेंसी ने बिना अनुमति के निर्माण कार्य शुरू किया था। मौके पर जाकर निर्माण कार्य को रोक दिया गया है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी जानकारी दे दी गई है।
विज्ञापन

- विपिन कुमार, अवर अभियंता नगर पालिका।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें