ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शहरी व विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जनता कर्फ्यू के दिन शांति रही। न तो फरियादी थानों में पहुंचे और न विवाद के मामले सामने आए। क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही।
थाना कोतवाली में जहां पहले आम दिनों में छोटे बड़े मामलों को लेकर फरियादियों व शिकायतकर्ताओं की भीड़ लगी रहती थी। कई बार तो स्थिति यह होती थी कि कोतवाली में सिर फटा लेकर ही लोग पुलिस से मदद की गुहार लगाते सुनाई दे जाते थे। जमीन या आपसी मतभेद को लेकर पनपे विवादों के मामले कोतवाली में मिल जाते थे, लेकिन रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान कोतवाली परिसर में शाम पांच बजे तक कोई मामला नहीं आया, जिससे क्षेत्र के शहर के विभिन्न मोहल्लों व गांवों में शांति रही। इसका कारण यही रहा कि कोरोना वायरस को हराने के लिए जनता कर्फ्यू के चलते लोग अपने-अपने घरों में ही रहे और प्रधानमंत्री की अपील को स्वीकार कर पूर्ण रुप से समर्थन किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आम दिनों में लगभग दो दर्जन तक मामले कोतवाल में आ जाते थे, लेकिन रविवार को जनता कर्फ्यू के दिन कोतवाली में शिकायतकर्ताओं की संख्या शून्य रही। उन्होंने बताया कि सभी शहरवासियों ने जनता कर्फ्यू का अच्छे से पालन किया है।