संवाद न्यूजज़ एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग में जल्द ही पोस्ट ग्रेजुएट की पढ़ाई शुरू होगी। इन सीटों की मान्यता के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन की टीम ने निरीक्षण कर लिया है। इसमें मेडिकल कॉलेज मानकों पर खरा उतरा है। सब कुछ ठीक रहा तो मान्यता मिलते ही कक्षाएं संचालित होंगी।
एनएमसी टीम ने चिकित्सा शिक्षा के मानकों की जांच की, जिसमें टीम ने नेत्र रोग विभाग के इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक ऑपरेशन थियेटर, ओपीडी क्षमता, लेजर व जांच उपकरणों और फैकल्टी/रेजिडेंट डॉक्टरों व अन्य चिकित्सकों की उपलब्धता का गहन मूल्यांकन किया। साथ ही उन्होंने विभाग में चल रहे शोध कार्यों और मरीजों के आंकड़े का डाटा जुटाया। कॉलेज प्रशासन और विभागाध्यक्ष ने टीम के समक्ष पीजी स्तर की पढ़ाई व चिकित्सा ट्रेनिंग व संसाधनों की जानकारी दी। टीम से पीजी सीटों की मान्यता मिली तो विशेषज्ञ चिकित्सक भी तैयार होंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर होंगी। मेडिकल कॉलेज में पीजी सीट के लिए मान्यता मिलने से चिकित्सकों की संख्या बढ़ जाएगी। कॉलेज प्रशासन का कहना है की सीट के आधार पर चिकित्सक की संख्या बढ़ जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग में पीजी सीट की मान्यता के लिए निरीक्षण हो गया है। इसमें संसाधन और फैकल्टी मानक अनुरूप हैं। उम्मीद है एनएमसी से जल्द ही स्वीकृति मिलेगी। इसके साथ ही इसी सत्र से पीजी सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।-डॉ. मयंक कुमार शुक्ला, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज