राहुल के चचेरे भाइयों से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इलाइट चौराहा के पास राजघाट रोड स्थित एक होटल में ठहरे बिहार के रोहतस जिला निवासी एक बीटेक के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया और उसके पास मिले मोबाइल नंबर से परिजनों को घटना की जानकारी दी।
बिहार के जिला रोहतास के दोरयन, दर्नि, तोरनी लेहरा निवासी राहुल कुमार (23) पुत्र अजय सिंह हरियाणा के लुधियाना से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। तीन दिन पहले वह इंटर्नशिप के लिए मध्य प्रदेश के इंदौर भी गया था और वहां से लौटकर भोपाल गया, जहां वह अपने गांव के पढ़ाई कर रहे कुछ लड़कों से भी मिला, इसके बाद मंगलवार की सुबह वह अपने गांव के लड़कों से ललितपुर से दिल्ली की गाड़ी पकड़ने के लिए कहा और ललितपुर के लिए निकल आया। वह रात्रि में पौने आठ बजे ललितपुर के इलाइट चौराहा स्थित होटल ड्राइव में ठहरने के लिए कमरा नंबर 107 में चला गया। इसके बाद अगले दिन सुबह जब होटल कर्मचारी राहुल यादव होटल की लाइट बंद करने लिए गया, तो वहां सीड़ियों के पास पहली मंजिल की जाल के नीचे राहुल बेसुध अवस्था में पड़ा था और मुंह से खून निकल रहा था। होटल कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस और फिर 108 एंबुलेंस को फोन करके दी। इसके बाद उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस और फ ोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल व कमरों की गहनता से छानबीन की, जहां पर उसके कमरे में सल्फास की गोलियों के दो पाउच व एक सीसी बरामद हुई, जबकि उसके कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने सुसाइड करने की बात लिखी है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग भी खंगाली, जिसमें स्पष्ट दिख रहा है कि उक्त युवक देर रात्रि में 1.39 बजे होटल के रूम से बाहर निकला और उठते गिरते और रैंगते हुए गैलरी से होता हुआ सीढ़ियों से किसी प्रकार उतर सका और रात्रि में 2.10 बजे वह सीढ़ियों से नीचे उतरकर हॉल में जाल के नीचे गिर पड़ा, इसके बाद वह नहीं उठा। कोतवाली पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया और उसके पास मिले मोबाइल से मिले नंबरों से परिजनों को घटना की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस अभी मृतक के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है, उसके बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।
---------
उक्त युवक मंगलवार की रात में लगभग आठ बजे होटल में आया था, सुबह वह होटल के हॉल में पड़ा मिला, होटल कर्मचारियों ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने होटल में जाकर जांच की है, जहां उसके कमरे में सल्फास की गोलियां व एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
-इमरान अहमद, सीओ सिटी।