बार। थाना बार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरौदाडांग में चार दिन से लापता युवक का शव शहजाद बांध के नीचे सिंचाई विभाग के पाइप के अंदर पड़ा मिला। पुलिस ने गांव के तीन नामजद आरोेपियों समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम बरौदाडांग निवासी मुकेश (18) पुत्र मुकुंदा कुशवाहा 26 मार्च की रात आठ बजे से लापता चल रहा था। सोमवार की सुबह उसका शव गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर शहजाद बांध के किनारे सिंचाई की पाइप लाइन में पड़ा मिला। सूचना पर थाना बार पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के भाई मनोज कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई मुकेश 26 मार्च की शाम को खेत से काम करके घर वापस आया। घर में आते ही उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया और वह करीब साढ़े सात बजे फोन पर ही बात करते हुए घर से चला गया। जब वह घर वापस नहीं आया तो उसकी खोजबीन की और मोबाइल का पता लगाया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
आरोप है कि उसके भाई को गांव के राजेश पुत्र खुमान कुशवाहा, राजकुमारी पत्नी राजेश कुशवाहा एवं रामनाथ पुत्र बारेलाल झा एवं कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मिलकर सिर पर पत्थर मारकर, कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद सोमवार की सुबह शहजाद बांध के किनारे सिंचाई की पाइन लाइन में उसका शव पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
---------------
थाना बार के ग्राम बरौदाडांग निवासी मुकेश कुशवाहा का शव बरामद हुआ है। इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इनके खिलाफ नियामानुसार कार्रवाई की जा रही है।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक।