ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम धौर्रा में ससुराल आए मध्य प्रदेश के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता ने बहू और उसके ससुरालियों पर मारपीट कर प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, सुसरालवालों का कहना है कि युवक ने विषाक्त का सेवन कर लिया था।
मध्य प्रदेश के जिला विदिशा के थाना पठारी के अंतर्गत ग्राम मथुरापुर निवासी मनोज (25) पुत्र बाबूलाल यादव शुक्रवार की रात को करीब साढ़े आठ बजे जाखलौन थाना क्षेत्र के धौर्रा गांव स्थित अपनी ससुराल पहुंचा था। वहां उसका अपने ससुरालियों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद उसने विषाक्त का सेवन कर लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख उसके ससुराल वाले मनोज को रात में ही जिला अस्पताल उपचार के लिए ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। झांसी ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद ससुरालियों ने मनोज के परिजनों को मोबाइल पर जानकारी दी कि मनोज ने विषाक्त का सेवन कर लिया है, जिससे उसकी तबियत खराब हो गई है। यह सुनते ही मनोज के परिवार के लोग रात में ही ललितपुर पहुंच गए, लेकिन वहां उन्हें उनके पुत्र की मौत की जानकारी मिली।
मृतक के पिता बाबूलाल ने बताया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था, उसकी अभी कोई संतान नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र की शादी दो वर्ष पहले हुई थी लेकिन बहू अक्सर अपने पति और ससुराल वालों को परेशान करती रहती थी। ससुरालियों का व्यवहार भी उसके पुत्र के प्रति अच्छा नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को उसका पुत्र अपनी ससुराल धौर्रा पहुंचा तो उसके साले ने उन्हें फोन कर अपशब्द कहे। उन्होंने पुत्र के ससुरालियों पर ही जहर देकर मनोज की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक के ससुर पहाड़ सिंह ने बताया कि उसकी पुत्री के ससुरालवालों का उसके प्रति आचरण सही नहीं था। वह उसे तरह-तरह से परेशान करते रहते थे। इसकी वजह से वह अपनी पुत्री को तीन माह पहले मायके लिवा लाए थे।
------------
ननद को हंसिया मारने के बाद मायके चली गई थी मृतक की पत्नी
तीन माह पहले मनोज की बहन स्मिता यादव ने थाना पठारी में तहरीर देकर बताया था कि 14 जुलाई 2020 को दोपहर 12 बजे जब वह अपने घर पर थी। उसकी भाभी नीलम यादव घर में खाना बना रही थी। दूसरी भाभी की बच्ची उसके घर में चली गई, तो नीलम ने उसे गालियां दीं और उसके बाएं हाथ की कलाई में हंसिया उठाकर मारा, जिससे खून बहने लगा। रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। थाना पठारी पुलिस ने भाभी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया था। उसके बाद भाभी नीलम अपने मायके चली गई थी।
------
वर्जन
थाने में इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। यदि कोई शिकायत आती है तो शिकायती पत्र व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जय प्रकाश चौबे, थानाध्यक्ष जाखलौन