फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के कई मुहल्ले में दूषित पानी आने से लोग परेशान

विज्ञापन
हैंडपंप से पानी भरते नेहरुनगरवासी - फोटो : LALITPUR
विज्ञापन
ललितपुर। शहर की जलापूर्ति में सुधार नहीं हो पा रहा है। शनिवार को गांधीनगर, नईबस्ती व नेहरू नगर मोहल्ले में पानी की बहुत कम समय के लिए आपूर्ति हुई। वहीं, मोहल्ला नदीपुरा, चौबयाना, तालाबपुरा में नलों से दूषित पानी आ रहा है। इससे लोगों को पीने के पानी के लाले पड़ रहे हैं।
विज्ञापन

जल संस्थान द्वारा शहर में पेयजल आपूर्ति की जाती है। विभाग ने शहर में दो जोन बना रखे हैं। इनमें लोअर जोन के मोहल्ला चौबयाना, तालाबपुरा, नदीपुरा में पीले रंग का दूषित पानी आ रहा है। इसके चलते लोगों को पानी भरने के बाद उड़ेलकर जमीन पर फैलाना पड़ रहा है। पानी से अजीब सी दुर्गंध आती है, साथ ही पानी का रंग भी पीला है। इससे लोग इसका उपयोग करने से कतरा रहे हैं। मोहल्ला नेहरू नगर एवं गांधीनगर, नई बस्ती के निवासियों को पेयजल की समस्या से छुटकारा नहीं मिल रहा है। पांचवें दिन भी अपर जोन के मोहल्लों में कम पानी की आपूर्ति हुई। इस कारण तमाम लोग आपूर्ति से वंचित रह गए। ऐसे में उन्हें हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। गांधीनगर व नेहरू नगर मोहल्लों की जलापूर्ति सुचारु नहीं होने से लोगों में असंतोष पनप रहा है।
सभासद ने दिया ज्ञापन
वार्ड नंबर 12 आजादपुरा तृतीय की सभासद मंजू लवली शर्मा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। इसमें बताया कि मोहल्ला आजादपुरा, गांधीनगर, सिविल लाइन एवं नेहरू नगर में जलापूर्ति बाधित होने के साथ ही कुछ मोहल्लों में दूषित पानी आ रहा है। इससे पुरुषों के साथ महिलाओं को भी परेशान होना पड़ रहा है।
विज्ञापन

पांच दिन से पेयजल की आपूर्ति बाधित बनी हुई है। इसके बाद भी विभागीय कर्मी आपूर्ति को सुचारु नहीं बना पाए हैं। इससे मोहल्लेवासियों की परेशानी बढ़ गई है। नहाने व घरेलू खर्च के लिए हैंडपंप से पानी जुटाया। -डब्बू शर्मा
जल संस्थान जलापूर्ति को सुचारु नहीं बना पा रहा है। इस कारण लोगों को हैंडपंप पर निर्भर होकर रहना पड़ रहा है। वहीं, हैंडपंप पर पानी भरने वालों की भीड़ जुट रही है। -शेर सिंह यादव
एक तरफ गांधीनगर, नेहरू नगर में पानी नहीं आने की समस्या है तो मोहल्ला चौबयाना, नदीपुरा, तालाबपुरा में गंदे पानी आने की शिकायत सुनने को मिल रही है। इस तरह पूरा शहर गड़बड़ाई जलापूर्ति से परेशान है।-नन्हींबाई
पाइप लाइन की आपूर्ति गड़बड़ाने से सबसे ज्यादा परेशान वृद्घ हैं, उन्हें हैंडपंप से पानी ढोने में दिक्कत होती है। एक दो बाल्टी पानी भरने की बात हो तो भी चल जाए लेकिन दस बार हैंडपंप पर जाना बस की बात नहीं है।-रामबाई
गर्मी में पेयजल की समस्या होना समझ में आता है, लेकिन बारिश के दिनों में गर्मी जैसे हालात बनना बड़े सवाल खड़ा करता है। जिले के आलाअफसरों को इस ओर ध्यान देना चाहिए।-मूलचंद साहू
विज्ञापन

मोहल्ला नेहरू नगर सहित कई मोहल्लों में हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिन्हें सुधारा नहीं जा रहा है। इस वजह से पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है।-कमलेश कुशवाहा
---
पाइप लाइन में लीकेज था, जिसे चिह्नित कर सही कर लिया गया है। शनिवार को पानी साफ आएगा। गांधीनगर, नेहरू नगर की आपूर्ति भी दुरूस्त कर ली गई है।
संजीव कुमार अधिशासी अभियंता जल संस्थान
बारिश के दिनों में पीला पानी आना स्वाभाविक है। जल संस्थान द्वारा एलम का प्रयोग किया जा रहा है। समय-समय पर विभाग द्वारा पानी के सैंपल भी लिए जाते हैं।
डा.राजेश भारती, नगर स्वास्थ्य अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें