ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कैलगुंवा निवासी युवक का शव गांव में ही खेत पर स्थित पेड़ पर फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम कैलगुवां निवासी शरीफ (28) पुत्र जल्लू की मां की मृत्यु काफी वर्ष पूर्व हो गई थी, इसके बाद से वह कैलगुवां में अपने मामा के घर पर रहता था। वह ट्रक ड्राइवर था। बुधवार की सुबह करीब दस बजे बिना बताए घर से निकल गया, लेकिन देर शाम तक वह वापस नहीं आया। उसके मामा से तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार की सुबह गांव से कुछ दूर एक खेत पर आम के पेड़ पर रस्सी पर लटकता हुआ उसका शव मिला है। ग्रामीणों ने देखा तो परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के दो लड़कियां हैं। मृतक के मामा रहमान ने बताया कि शरीफ बचपन से ही उसके साथ रहता था। उसने फांसी किन कारणों से लगाई, इसका पता नहीं चल सका है।