ललितपुर। रंगपंचमी पर ग्राम राखपंचमपुर मेला में जन सैलाब उमड़ पड़ा। जहां नजर पहुंचती, वहां लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी। इससे मेला के विभिन्न मार्गों पर जाम बन गया। लोगों ने श्री सिद्घ बाबा मंदिर में दर्शन किए और माथा टेकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। जिन लोगों की मनोकामना पूर्ण हो गईं, उन्होंने घंटा व अन्य चढ़ावा चढ़ाया।
विकासखंड जखौरा के ग्राम राखपंचमपुर में श्री सिद्ध बाबा का मंदिर है। इनकी महिमा के चर्चे दूर-दूर तक फैले हैं। ऐसी मान्यता है कि यहां की पवित्र भिवूति फोड़ा व फुंसी पर लगाने से ठीक हो जाती है, साथ ही असाध्य चर्म रोगों से भी छुटकारा मिलता है। रंगपंचमी होने के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में पहुंचना आरंभ हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे सिद्ध बाबा के मंदिर में हाजिरी लगाने वालों का तांता लग गया। मध्य प्रदेश के समीपवर्ती जिलों सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। चारों तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही थी।
तमाम श्रद्धालुओं ने सिद्ध बाबा के दर्शन करने के दौरान आटा, दाल, चावल, घी, तेल व अन्य खाद्य सामग्री चढ़ाई। जिन लोगों की मनोकामना पूरी हो गई थीं, उन लोगों ने मंदिर में घंटा व बोली गई वस्तुओं को चढ़ाया। कई लोग ऐसे भी रहे, जिन्होंने मनोकामना पूरी होने के लिए बाबा के दरबार में प्रार्थना की। कइयों ने मंदिर परिसर में कपड़ा, प्लास्टिक की पट्टी बांधी। ऐसा माना जाता है कि जब मनोकामना पूरी होती है, तब इसे खोला जाता है। श्रद्धालु ट्रेन, टू व्हीलर, फोर व्हीलर, ट्रैक्टर- ट्राली, आपे टैक्सी, बस, साइकिल के अलावा पैदल भी पहुंचे। रेलगाड़ियां दैलवारा रेलेवे स्टेशन पर कुछ देर के लिए रुकीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा अर्चना की एवं कथा करवाई।
राखपंचमपुर गांव के श्री राम जानकी मंदिर से गाजे बाजे के साथ विमान यात्रा निकाली गई, जो गांव में भ्रमण करती हुई दोपहर एक बजे श्री सिद्ध बाबा मंदिर पर पहुंची। विमान यात्रा में सभी श्रद्धालु सिद्धबाबा के जयकारे लगाते एवं डीजे की धुनों पर पुरूष व महिलाएं नृत्य करते चल रही थीं। विमान के आगे किशोरी पंथ भगवान भोलेशंकर का रूप धारण किए थे, वे डीजे व ढोलों की थापों पर नाचते चल रहे थे।
सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने सिद्ध बाबा मंदिर पहुंच कर माथा टेककर अपनी हाजिरी दर्ज करायी और सिद्ध बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। उधर, पुलिस अधीक्षक कैप्टन मिर्जा मंजर बेग के निर्देश पर राखपंचमपुर मेला में सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। इसमें पुरुष पुलिस बल, महिला पुलिस बल और सादा वर्दी में भी पुलिस तैनात रही। असामाजिक तत्वों व चोरो से निपटने के लिये थानाध्यक्ष जखौरा अवध नारायण पांडेय, पुलिस मेला प्रभारी बृजेश सिंह गोर, कंपनी कमांडर इंद्रपाल सिंह तोमर मेला परिसर में व्यवस्थाओं को देखते रहे।
श्री सिद्ध बाबा मंदिर व मेला परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरा से नजर रखी गई। मेला परिसर की हर गतिविधि कैमरा में कैद हो रही थी। मेला प्रभारी तहसील सदर मनोज कुमार सरोज ने भी मेले में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस मौके पर मेला प्रभारी तहसीलदार सदर मनोज कुमार सरोज, क्षेत्राधिकारी तालबेहट देवेंद्र सिंह, उप निरीक्षक कमलेश कुमार, महेश शर्मा, शिवकरन, ग्राम प्रधान राखपंचमपुर लाखन सिंह यादव, सचिव अमित खजुरिया, प्रताप सिंह यादव, पूर्व प्रधान जयराम सिंह लोधी, राजस्व निरीक्षक संतोष सिंह, सुशील कुमार शुक्ला, मोहनलाल, गुलाब चंद, धीरेंद्र कुमार देवीदयाल, रामानंद, देवेंद्र राय, सीताराम, कृपाल सिंह, देवेंद्र शर्मा एडवोकेट, शिवचरण कुशवाहा, छक्कीलाल, वीरन मुकद्दम, कल्यान पाल, काशीराम, शिवलाल, भग्गे अहिरवार, रमेश चंद्र जैन,रामदास शर्मा, रगवीर विश्वकर्मा, खिलाने राजपूत, सरमन, राजेंद्र सिंह, किशोरी प्रजापति, नाहर सिंह, राजेंद्र सिंह, नंद किशोर प्रजापति, आदि मौजूद रहे
मिट्टी के बर्तन रहे आकर्षण का केंद्र
मेला में आए श्रद्धालुओं ने मिट्टी के बर्तन जिनमें मटकी, गुल्लक, सुराही आदि बर्तनों की खरीदारी की। वहीं, बच्चों ने झूला में झूलकर आनंद लिया। महिला-पुरुष भी झूला झूलने में पीछे नहीं रहे।
राखपंचमपुर में निकाली गई राम दरबार की शोभायोत्रा- फोटो : LALITPUR
मेले में मिट्टी के बर्तन खरीदतीं महिलाएं- फोटो : LALITPUR