ग्राम पड़वां के पास से निकली जामनी नदी को ट्रैक्टर- ट्रॉली में बैठकर नदी पार करते ग्रामीण
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जनपद के बानपुर - महरौनी मार्ग पर ग्राम पड़वा के पास से निकली जामनी नदी के पुतली घाट के पुल के ऊपर से इन दिनों दो फीट पानी बह रहा है। इसके बावजूद भी राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैैं। इसके चलते बड़ा हादसा होने की संभावना बनी रहती है। लोगों की परेशानी का लाभ उठाकर आसपास के ग्रामीण मनमाने रुपये लेकर ट्रैक्टर-ट्राली की मदद से राहगीरों को पुल पा कराते है। इतनी दुश्वारियों के बावजूद भी जिम्मेदार अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है।
पुतली घाट का पुल नीचा होने के चलते बारिश का मौसम शुरू होते ही पुल पर पानी भर जाता है। बानपुर से महरौनी और महरौनी से बानपुर की ओर जाने वाले लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग पर ग्राम पड़वा के पास पुतली घाट से ही है। पुल पर दो फीट पानी भरा होने के बावजूद भी ग्रामीणों का यहीं से निकलना होता है। जिससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। यहां से ट्रैक्टर - ट्रॉली से पुल पार करने वाले लोगों ने बताया कि आसपास के गांवों के लोग अपने ट्रैक्टर - ट्राली लेकर पुल के पास आ जाते हैं और राहगीरों को पुल पार कराने के एवज में उनसे मनमाने रुपये वसूलते हैं। वहीं, पुलिस भी कभी मौके पर जाकर लोगों को नहीं रोकती, जिससे राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर पुल को पार कर रहे हैं।
पुतली घाट हमारे गांव से पास में ही है। वहां पर मेरा आना - जाना होता है। मजबूरी में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करते हैं। कोई बड़ी अनहोनी हो इससे पूर्व प्रशासन को गंभीरता से इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। - सौरभ तिवारी, ग्राम भैरा
हमारे गांव धवारी से पुतली घाट महज दो-तीन किलोमीटर ही है। कई ट्रैक्टर वाले लोगों को ट्रैक्टर - ट्रॉली से पुल पार कराने के लिए पैसे लेते हैं और पुल पार कराते हैं। - निखिल राजौरिया, ग्राम धवारी
महरौनी से बानपुर मार्ग की ओर ग्राम पड़वा के पास जामनी नदी के पुतली घाट पर पानी होने के बावजूद भी लोगों के पुल पार करने की शिकायत मिली है। वहां पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा और लोगों को पुल पार करने से रोका जाएगा। - अलमा अहिरवार, कोतवाली प्रभारी महरौनी