ललितपुर। कोतवाली तालबेहट क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम असऊपुरा स्थित हाईवे पर कार की टक्कर से ग्रामीण की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली तालबेहट क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नयाखेड़ा निवासी सुरेश प्रजापति (55) पुत्र हरलाल शुक्रवार को दोपहर में ग्राम असऊपुरा स्थित हाईवे पर पैदल ही मंदिर जा रहा था। अभी वह मंदिर के पास ही पहुंचा था कि झांसी से ललितपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे संजीव ने बताया कि उसके पिता गांव से कुछ दूर हाईवे पर मंदिर जा रहे थे तभी हादसा हो गया। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। वह दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था और खेती करता था।