महरौनी तहसील क्षेत्र में तुसार (पाला) पड़ने से मटर की खराब फसल दिखाता किसान
- फोटो : LALITPUR
महरौनी(ललितपुर)। विगत दिनों तहसील महरौनी के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ने से मटर की फसल में पाला लग गया है। इससे मटर की फसल सूख गई है। फसल सूख जाने से कई किसानों को भारी नुकसान हो गया है। मसूर और चने की फसल पर भी इसका असर है।
महरौनी तहसील के तमाम किसानों ने इस वर्ष रबी की फसल में सबसे अधिक मटर की खेती की है। खेतों में लहलहाती मटर की फसल को देखकर किसान फूले नहीं समा रहे थे लेकिन एक झटके में खेतों की मटर फसल तबाह हो गई। इससे उनके संजोए सपने चूर-चूर हो गए। किसानों का कहना है कि जनवरी माह में मटर की फसल में फूल आ चुका था। लेकिन ठंड के कारण पाला पड़ने से फसल खराब हो गई। किसानों को लागत निकालना मुश्किल हो गया।
-----
तुसार लगने से मटर की फसल को नुकसान पहुंचा है, इसमें लगी लागत निकलना मुश्किल दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन को चाहिए कि वह फसल नुकसान का सर्वे कराएं, ताकि किसानों को तुरंत राहत मिल सके।
दिनेश विदुआ
-----
मटर की फसल से काफी उम्मीद लगाए बैठे थे। वर्षों से कई रुके काम पूरे होने वाले थे लेकिन मटर चौपट होने से पूरे परिवार में मायूसी का माहौल है। श्रीराम पटेल