ललितपुर। ब्लाक बिरधा के ग्राम बेटना प्राथमिक विद्यालय में मंडलायुक्त सुभाषचंद्र शर्मा ने चौपाल लगाई। उन्होंने सहभागिता योजना के तहत लाभार्थियों को सुपुर्द की गई गायों के सापेक्ष भुगतान समय से पूरा करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए।
चौपाल में मंडलायुक्त ने बिंदुवार समीक्षा की। खाद्यान वितरण में बताया कि ग्राम में 232 राशनकार्ड धारक थे, अब 190 राशनकार्ड धारक के नाम कोटेदार की रिपोर्ट में बताए जा रहे हैं। इस पर जांच कराने के निर्देश दिये। दिए। उन्होंने बच्चों को साफ- सफाई का ध्यान रखने और नियिमित व्यायाम करने के निर्देश दिए। बाल विकास परियोजना की समीक्षा में आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने बताया कि समूह की महिलाओं द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों को पोषाहार का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि सहभागिता योजना के तहत लाभार्थियों को सुपुर्द की गई गायों के सापेक्ष भुगतान समय से पूरा करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। स्वयं सहायता समूह की इच्छुक महिलाओं को गाय सुपुर्द की जाएं। बीमार गायों को समय पर पैरा पशु चिकित्सक उपचार दें। उन्होंने सभी से मास्क पहनने व शौचालय का प्रयोग करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में जिन लोगों को किसान सम्मान निधि का पैसा नहीं मिला है, उनके आधार कार्ड में फीडिंग की कमी के चलते ऐसा हुआ है, फीडिंग का कार्य ठीक होने पर किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि की धनराशि का भुगतान किया जाएगा। गर्भवती महिलाओं को पोषाहार व बुजुर्ग महिलाओं को कंबल वितरित किए गए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीके गर्ग, जिला कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा वर्मा, खंड विकास अधिकारी आदि अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।