संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सामान्य कोच में यात्रा करने वाले लोगों को चिलचिलाती धूप में खड़ा होना पड़ रहा है। कई यात्रियों की हालत तक खराब हो जा रही है, इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे।
शहर के रेलवे स्टेशन को भले ही आदर्श स्टेशन का दर्जा मिल गया हो, लेकिन अब तक सुविधाओं में विस्तार नहीं हो सका है। यहां तीन प्लेटफार्म हैं, इसमें सीमित दूरी तक टिनशेड लगा है। ट्रेन के आरक्षित कोच इसके नीचे आते हैं, जबकि प्लेटफार्म के बिलकुल आगे व पीछे आने वाले अनारक्षित कोच के स्थानों पर टिनशेड नहीं है। अनारक्षित कोच में सफर करने वाले यात्रियों को भीषण धूप में खड़ा रहना पड़ता है। इससे यात्रियों का हाल बेहाल हो रहा है। कई यात्री ट्रेन आने से पहले ही पसीने से तर हो जाते हैं। हल्के फुल्के सामान के साथ खड़े यात्रियों को अधिक दिक्कत हो रही है। यह स्थिति तीनाें प्लेटफार्म पर है।