ललितपुर। डॉ.आंबेडकर नगर साप्ताहिक एक्सप्रेस में सामान पर अधिक पैसे वसूलने की शिकायत करना एक यात्री को भारी पड़ा। पेंट्रीकार मैनेजर व कर्मचारियों पर यात्री की पिटाई, मोबाइल व नकदी छीनने और जबरन 1460 रुपये ट्रांसफर कराने के आरोप हैं। थाना जीआरपी ने पेंट्री मैनेजर नवीन कुमार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार के पूर्णिया निवासी गगन कुमार 24 सितंबर को इंदौर से कटिहार जा रहे थे। उन्होंने ट्रेन में खाने के सामान पर अधिक पैसे वसूलते देख वीडियो बनाया। फिर उन्होंने रेल मदद एप पर शिकायत की। मैनेजर ने शिकायत वापस लेने को कहा और भुगतान वापसी का वादा किया। गगन ने शिकायत वापस ले ली, पर बाद में फिर अधिक पैसे वसूले गए। रात करीब 10.45 बजे मैनेजर व उसके साथी गगन की सीट पर आए। उन्होंने 1460 रुपये का भुगतान करने की धमकी दी।
इस दौरान गगन कुमार और सहयात्री सत्यम कुमार ने वीडियो बनाने का प्रयास किया। मैनेजर व साथियों ने सत्यम का मोबाइल तोड़ दिया और गगन का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उन्होंने दोनों को लातों से पीटा। आरपीएफ के जवान भी वहीं मौजूद थे, जिन्होंने मामले को बढ़ावा दिया। गगन को मजबूरन अपने व्यक्तिगत क्यूआर कोड पर 1460 रुपये का भुगतान करना पड़ा, जिसका बिल फर्जी था। बगल के यात्री की वीडियो के आधार पर जीआरपी में शिकायत दर्ज हुई है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि जांच जारी है।
0000000
ऐसे कर सकते हैं शिकायत
ट्रेन में यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की शिकायत या मदद के लिए यात्री भारतीय रेलवे के एकीकृत हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर सकते हैं। सीधे 139 डायल करके कस्टमर केयर अधिकारी को अपनी समस्या, पीएनआर नंबर, कोच और बर्थ की जानकारी दें। यह नंबर 24 घंटे चालू रहता है। मैसेज बॉक्स में ''मदद'' लिखकर, स्पेस देकर अपनी समस्या और अंत में पीएनआर नंबर लिखकर 139 पर भेज सकते हैं। रेल मदद ऐप ऐप या वेबसाइट के जरिए भी फोटो या वीडियो अपलोड करके ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। रेलवे सुरक्षा बल की मदद के लिए 182 नंबर का भी उपयोग कर सकते हैं।