ललितपुर। बिरारी से उदयपुरा रेल लाइन पर एक रेल इंजन का पैंटो टूट गया। जिसके चलते इंजन बीच रेल लाइन पर खड़ा हो गया। जानकारी मिलने पर रेल प्रशासन ने दोपहर डेढ़ बजे तक इसको ठीक किया। इसके चलते वंदे भारत एक्सप्रेस दो घंटे तक ललितपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं, खजुराहो-ललितपुर पैसेंजर ट्रेन भी प्रभावित रही। इस दाैरान यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
उदयपुरा रेलवे स्टेशन से ललितपुर की ओर आ रहा रेल इंजन बृहस्पतिवार को सुबह लगभग साढ़े दस बजे उदयपुरा व बिरारी के बीच ही पहुंचा था कि तभी अचानक से इंजन का पैंटो टूट गया, इससे ओएचई लाइन व लीवर भी टूट गया। इसके चलते इस लाइन पर दोनों ओर की ट्रेनों का आवागमन बंद हो गया। उससे पहले खजुराहो से चलकर ललितपुर की ओर आ रही पैसेंजर ट्रेन व उनके पीछे लाइन पर मालगाड़ी भी खड़ी हो गई। वहीं, ललितपुर स्टेशन पर सुबह 11.40 बजे आई वंदे भारत एक्सप्रेस को भी रोक दिया गया।
जानकारी मिलने पर रेलवे इलेक्टि्रक विभाग व इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेलवे लाइन पर ब्लॉक लेकर पैंटो, लीवर एवं ओएचई लाइन को बदलने का काम किया गया। इसके बाद दोपहर 1.15 बजे काम पूरा होने के बाद रेलवे ट्रैक को सुचारू किया जा सका।
उक्त रेल इंजन को वहां से हटाया गया और फिर 1.38 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस को खजुराहो के लिए रवाना किया गया। वंदे भारत के दो घंटे तक खंड़े रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि इंजन का पैंटो टूटने की वजह से वंदे भारत एक्सप्रेस को ललितपुर स्टेशन पर रोकना पड़ा।