ललितपुर। पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को आयोजित बैठक में डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अफसरों को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों पर पैनी नजर बनाए रखने को कहा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। शनिवार को आयोजित बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक अजय मोहन शर्मा ने कहा कि चुनाव को देखते हुए सभी तैयारियां पहले से पूर्ण कर ली जाएं। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और इसकी वीडियो रिकार्डिंग भी की जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव सेल भली-भांति यह पता कर ले कि कोई मतदेय स्थल छूटा तो नहीं है, जहां पर ड्यूटी लगाने का काम बाकी हो। साथ ही किसी आरक्षी की ड्यूटी दो बार तो नहीं लग गई है। प्रतिसार निरीक्षक सशस्त्र ड्यूटी के शस्त्रों की जांच कर लें और सभी पुलिस कर्मियों को दंगा रोधक उपकरण बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट व डंडा प्रदान करें।
बूथ चेकिंग के दौरान गाड़ियों का माइक व पोर्टेबल लाउड स्पीकर चेक किए जाएं। समय पर जानकारी लेने के लिए प्रत्येक गांव के 5 से 10 लोगों के नाम व उनके मोबाइल नंबर नोट कर लें। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करें, जिससे कोई उपद्रव न हो सके। राजनैतिक दलों से समन्वय बनाने व चुनाव में खड़े उम्मीदवारों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले मतदान केंद्रों का भ्रमण कर लिया जाए। केंद्रों के पास 200 मीटर की सीमा के भीतर ईंट या अन्य पत्थर का जमाव न हो व मतदान केंद्रों के आसपास की छतों की भी जांच कर ली जाए।
सीमावर्ती इलाकों में नाइट पास जारी नहीं किए जाएं। उन्होंने चुनाव को देखते हुए लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी, सीओ सिटी ओमकार सिंह यादव सहित समस्त सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।