मड़ावरा (ललितपुर)। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के नतीजों के बाद पंचायतों में ग्राम प्रधान तो सुनिश्चित हो गए, लेकिन अब ब्लॉक प्रमुख के प्रतिष्ठित पद पर कब्जा जमाने के लिए कवायद प्रारंभ हो गई है।
विकासखंड मड़ावरा में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए रावत परिवार की दावेदारी चर्चा में है। राजनीतिक पृष्ठभूमि के हिसाब से अशोक रावत कद्दावर नेता माने जाते हैं, जो जिला सहकारी बैंक के सभापति रह चुके हैं। उनके पुत्र चंद्रदीप रावत निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख हैं। हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों में चंद्रदीप रावत वनगुवां से निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उनकी पत्नी अंशु रावत तथा छोटे भाई डा. नवदीप रावत की पत्नी मड़ावरा से क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुईं हैं। अभी ब्लाक प्रमुख के चुनाव की कोई घोषणा नहीं हुई है और फिलहाल ऐसी कोई हलचल भी नहीं है। लेकिन, द्वोत्रवासी कयास लगा रहे हैं कि चंद्रदीप रावत फिर से दावेदारी कर सकते हैं।