ललितपुर। पंचायत चुनाव के चलते वोट का प्रलोभन देकर शराब बांटने, पैसा बांटने, मतदान करने से रोकने या डराने व धमकाने वाले लोगों की खैर नहीं होगी। पुलिस प्रशासन द्वारा ऐसे लोगों पर नजर बनाए रखने और सूचना देने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार द्वारा चुनाव हेल्पलाइन बनाई गई है। उसका व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया गया है, ताकि किसी प्रकार की सूचना उक्त नंबर पर भेजी जा सके।
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कमार द्वारा त्रिस्तीय पंचायत चुनाव को सकुशल एवं निष्पक्ष कराने के उद्देश्य से चुनाव हेल्पलाइन नंबर 7839862918 जनहित में जारी किया गया है। हेल्पलाइन नंबर की चौबीस घंटे निगरानी की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि शराब बांटने, पैसा बांटने व अन्य किसी प्रकार के प्रलोभन देने की सूचना उक्त हेल्पलाइन नंबर पर दी जा सकेगी। इसके अलावा मतदान करने या मतदान करने से रोकने, डराने या धमकाने की सूचना और अन्य किसी प्रकार के आपराधिक गतिविधियों अवैध शराब या अवैध शस्त्र की सूचना भी उक्त हेल्पलाइन नंबर पर देने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा उक्त मामलों पर निगरानी रखकर तत्काल कार्रवाई कर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराना होगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त हेल्पलाइन नंबर पर दी जाने वाली कोई भी जानकारी मिलने पर उसके नंबर की पहचान, पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।