ललितपुर। जिला पंचायत सदस्य के चुनाव की तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अभी तक उम्मीदवार तय नहीं किए हैं। अधिकृत उम्मीदवार बनने की इच्छा रखने वाले दावेदारों में टिकट फाइनल नहीं होने से बेचैनी है।
सपा, बसपा और आप ने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। सत्तारूढ़ दल भाजपा में सबसे ज्यादा लोगों ने उम्मीदवार बनने के लिए दावेदारी की है लेकिन अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं करने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कई दावेदार तो ऐसे भी हैं, जिन्हें यदि पार्टी टिकट नहीं मिला तो वह निर्दलीय के रूप में ताल ठोक देंगे। वह सूची फाइनल होने का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। भाजपा के मीडिया प्रभारी देवेंद्र गुरू का कहना है कि पांच अप्रैल को उम्मीदवारों की सूची जारी होने की संभावना है। कांग्रेस को भी जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश है।