ललितपुर। तहसील महरौनी के ग्राम पाली में स्थित बाँधनुमा तालाब का अब जीर्णोद्धार होगा। इसके लिए सिचाई विभाग ने प्रोजेक्ट बनाना शुरू कर दिया है। इस प्रोजेक्ट में मिट्टी के बंध पर मिट्टी डाली जाएगी। एस्केप को मजबूत किया जाएगा। झाड़ियों की सफाई सहित अन्य काम कराए जाएंगे।
तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम पाली में 70-75 वर्ष पुराना सिंचाई विभाग का बांधनुमा तालाब है। इससे करीब पांच सौ हेक्टेयर भूमि सिंचिंत की जाती है। इस तालाब पर करीब एक किलोमीटर लंबा मिट्टी का बंध है और मानसून सीजन में तालाब में भंडारण से अधिक पानी पहुंचने पर पानी की निकासी के लिए एक कंक्रीट का एस्केप बना हुआ है। 2 अक्तूबर को इस तालाब का एस्केप करीब 15 फुट तक टूट गया था। जिससे तालाब में भंडारित पानी बहने लगा था। सिंचाई विभाग ने पानी को रोकने के लिए पहले अस्थाई तौर पर लकड़ी और टिनशैड को लगाकर पानी रोका था और एस्केप की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया था। सिंचाई विभाग जब तक यह उपाय करता तब तक तालाब का आधा पानी खाली हो चुका था। अब सिंचाई विभाग ने इसकी सुध ली और इसके जीणोद्धार कराने की तैयारी शुरू की। इसके लिए सिंचाई विभाग प्रोजेक्ट तैयार कर रहा है। इस प्रोजेक्ट में तालाब पर कई सुधार के कामों को शामिल किया जा रहा है। जिसमें तालाब पर उग आई झाड़ियों की सफाई, तालाब के मिट्टी के बंध को मजबूत करना, एस्केप का नवनिर्माण सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-
यह तालाब काफी पुराना है और इस क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन है। इसे देखते हुए इस तालाब का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
जितेंद्र सिंह कनौजिया, अधीक्षण अभियंता, सिंचाई कार्यमंडल ललितपुर