कान्हा पशु आश्रय योजना के तहत पाली व महरौनी में भी कांजी हाउस बनाए जाएंगे। दोनों कांजी हाउस पांच करोड़ रुपये से बनेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
नगर पंचायत पाली द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार कस्बा पाली के बाहर जाखलौन मार्ग पर स्थित ग्राम सभा की करीब तीन एकड़ जमीन पर 3.20 करोड़ रुपये की लागत से कांजीहाउस का निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह नगर पंचायत महरौनी में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से करीब दो एकड़ जमीन पर कांजीहाउस का निर्माण होगा।
मालूम हो कि नगर पालिका व नगर पंचायत तालबेहट में भी कांजी हाउस बनने हैं। 23 नवंबर को दोनों नगर निकायों के खातों में प्रथम किश्तों भी आ चुकी है। नगर पालिका क्षेत्र में 3.49 करोड़ रुपये की लागत से कांजीहाउस का निर्माण किया जाना है, इसके सापेक्ष 1.74 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त नगर पालिका के खाते में आ चुकी है। इसी तरह नगर पंचायत तालबेहट में 3.42 करोड़ रुपये की लागत से कांजीहाउस का निर्माण कराया जाना है, जिसके सापेक्ष तालबेहट नगर पंचायत के खाते में 1.70 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त पहुंच चुकी है।
प्रस्ताव म भेजने में की देरी
नगर पंचायत पाली व महरौनी दोनों ने ही प्रस्ताव तैयार करने में काफी देरी कर दी है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए आने वाले दिनों में कभी भी आचार संहिता लागू हो सकती है। आचार संहिता लागू होने के बाद कांजीहाउस निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत नहीं हो पाएगा।
मुफ्त की जमीन बन रही मुसीबत
कान्हा पशु आश्रय योजना के तहत बनाए जाने वाली कांजीहाउस के लिए जमीन की खरीदी करने के लिए कोई अनुदान नहीं है। शासन के साफ निर्देश हैं कि कांजीहाउस की स्थापना के लिए यदि नगर पालिका के पास जमीन उपलब्ध नहीं है तो डीएम जमीन उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन की ंमाने तो राजस्व विभाग के नियमों में निशुल्क जमीन उपलब्ध कराने का कोई प्रावधान नहीं है। मुफ्त की जमीन नहीं मिल पाने के कारण नगर पालिका व तालबेहट के पास बजट उपलब्ध होने के बाद भी कांजीहाउस का निर्माण नहीं हो पा रहा है। यदि आचार संहिता लागू होने से पहले शासन से स्वीकृति मिल जाती है, तो जल्द ही नगर पालिका व नगर पंचायत तालबेहट में कांजी हाउस के स्थापना का कार्य शुरु हो जाएगा।
नगर पंचायत पाली व महरौनी में कांजीहाउस के निर्माण का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है, जिसके लिए कुल लागत पांच करोड़ रुपये प्रस्तावित की गई है। कांजीहाउस की स्थापना के लिए सबसे बड़ी समस्या जमीन की हो रही है, ललितपुर व तालबेहट में कांजीहाउस के निर्माण के लिए बजट भी उपलब्ध हो चुका है पर जमीन के अभाव में निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सकता है। यदि पाली व महरौनी के लिए भी स्वीकृति मिल जाती है तो जमीन के अभाव की समस्या यहां पर भी समान रहेगी।
राकेश कुमार
प्रभारी अधिशासी अधिकारी
नगर पंचायत पाली व महरौनी।