ललितपुर। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने कोविड-19 की समीक्षा के लिए कोर कमेटी की बैठक में निर्देश दिए कि शनिवार एवं रविवार को रेलवे स्टेशन, बस अड्डे के रैन बसेरा और कोतवाली के सामने रैन बसेरा में स्टैटिक टेस्टिंग बूथ बनाकर अधिक से अधिक लोगों का एंटीजन टेस्ट कराएं। उन्होंने मरीज के घर पर कोरोना पॉजिटिव का बैनर लगाने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि इस बात का ध्यान रखा जाए कि इन स्टैटिक टेस्टिंग बूथों पर जांच टीम द्वारा पीपीई किट पहनकर ही जांच की जाए। सभी नोडल चिकित्सक कोविड अस्पताल तथा होम आइसोलेशन के मरीजों से लगातार फोन से संपर्क करते रहें व उनका फीडबैक लेते रहें, ताकि किसी भी प्रकार के भ्रम की स्थिति न रहे। इस दौरान यदि मरीजों द्वारा कोई शिकायत की जाती है तो उस समस्या का तत्काल निस्तारण कराएं, इसमे किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें।
उन्होंने कहा कि जनपद में एंबुलेंस सेवा को एकीकृत करते हुए पूरी तत्परता से उनका संचालन कराएं, ताकि एंबुलेंस शीघ्र्र मरीजों के पास पहुंच सके और मरीजों को कोई परेशानी न हो। यदि कोई व्यक्ति पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे अस्पताल भेजने के बाद उसके सभी परिवारीजनों का एंटीजन टेस्ट कराएं तथा परिवारीजनों को होम आइसोलेशन में ही रखा जाए। अब उन्हें मेडिकल क्वारंटीन नहीं किया जाएगा। पॉजिटिव मरीज के घर पर कोरोना पॉजिटिव का बैनर भी लगाया जाएगा। बैठक
में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक लवकुश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, अपर उप जिलाधिकारी एसपी सिंह, डॉ. अमित चतुर्वेदी, डॉ. जेएस बख्शी, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय आदि उपस्थित रहे।
पुलिस होम क्वारंटीन किए गए परिवारीजनों पर नजर रखे
उन्होंने कहा कि जिस मकान में पॉजिटिव मरीज पाया गया है, उसकी सूचना संबंधित थाने को दी जाए, साथ ही पुलिस होम क्वारंटीन किए गए परिवारीजनों पर नजर रखे ताकि वे नियत समय पूर्ण होने तक इधर- उधर न घूम सकें।
उन्होंने अपील की कि यदि किसी भी व्यक्ति में खांसी, जुकाम, बुखार, गले में तकलीफ या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो उसकी सूचना मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी या कोविड कंट्रोल रुम के नंबर 05176-274371 पर दें।