ललितपुर। मंगलवार को पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रगति वैद्य और अविचल राजपूत ने प्रथम स्थान, पेंटिंग प्रतियोगिता में आदि जैन और निबंध लेखन प्रतियोगिता में मुनीत कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में शहर के पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह के निर्देशन में पुलिस स्मृति दिवस की स्मृति पर पुलिस लाइन में वाद विवाद, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज, रानी लक्ष्मी बाई पब्लिक स्कूल, वर्णी जैन इंटर कॉलेज और रामरतन विद्या मंदिर के 70 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को बालश्रम पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। इस पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करते हुए अपनी प्रतिभा को कागजों पर उकेरा। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के परीक्षण के उपरांत रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल के कक्षा आठवीं के छात्र आदि जैन प्रथम, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा नवमीं की छात्रा अंजली अहिरवार द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 11वीं की छात्रा शिफा बानो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन में विद्यार्थियों को सामाजिक विकास में पुलिस की उपयोगिता विषय पर निबंध लिखने के लिए कहा गया। इस पर विद्यार्थियों ने निबंध के माध्यम से समाज के लिए पुलिस का क्या महत्व है और समाज में शांति व्यवस्था कायम रखने में पुलिस की क्या भूमिका है व समाज को सुरक्षित बनाने में पुलिस क्या कदम उठाती है आदि बातों को निबंध में शामिल किया। परीक्षण के उपरांत निबंध लेखन में निर्णायक मंडल ने वर्णी जैन इंटर कॉलेज के कक्षा दसवीं के छात्र पुनीत कुमार को प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की दसवीं की छात्रा सोनम प्रजापति को द्वितीय और भूमि मिश्रा को तृतीय स्थान मिला। वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को दो गुटों में बांटा गया और वर्तमान परिदृश्य में पुलिस शत्रु और मित्र विषय पर बोलने का अवसर दिया गया। इस दौरान पुलिस को मित्र के रूप में बताते हुए विद्यार्थियों ने बताया कि समाज में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए और कानून का राज स्थापित करने के लिए पुलिस को कुछ कड़े कदम उठाने पड़ते हैं। लेकिन इन कदमों से आम लोगों को नहीं बल्कि अपराधियों को परेशानियां होती हैं। निर्दोषों के साथ पुलिस हमेशा मित्र बनकर ही रहती है। वहीं विपक्ष में बोलते हुए विद्यार्थियों ने बताया कि पुलिस की छवि आम आदमी में एक डरावनी बनी हुई है। इस कारण पुलिस के शत्रु का अहसास करवाता है।
वहीं, कई बार ऐसे भी मामले आते हैं, जब पुलिस निर्दोषों को जेल भेज देती है। दोनो पक्षों की बातों को सुनने के उपरांत निर्णायक मंडल ने रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल की छात्रा प्रगति वैद्य को पक्ष में बोलने के लिए प्रथम और उसी विद्यालय के छात्र अविचल राजपूत को विपक्ष में बोलने के लिए प्रथम स्थान प्रदान किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता अध्यक्ष और तालबेहट क्षेत्राधिकारी विनोद कुमार सचान और आरआई अतुल कुमार सिंह सदस्य रहे। प्रतियोगिताओं के उपरांत पुलिस अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह ने विजेता प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनको प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए।