तालबेहट। मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय ने कोविड एल टू का निरीक्षण कर संभावित तीसरी लहर की तैयारियों की हकीकत देखी। उन्होंने निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्र पूरा करने एवं बच्चों के लिए विशेष पलंग तैयार रखने के निर्देश दिए।
रविवार को सुबह मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय ने कोविड एल टू का निरीक्षण किया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नितिन कंसौरिया ने बताया कि 28 मई के बाद यहां कोई मरीज भर्ती नहीं हुआ। बताया गया कि कोविड एल टू में 60 पलंग हैं। सभी पर ऑक्सीजन की सुविधा है। जिस पर उन्होंने बच्चों के लिए स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार पलंग और उपकरणों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में बन रहे ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद जेई ने बताया कि वह 15 जुलाई तक अपना काम पूरा कर लेंगे। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि वह दो दिन में सारी सेटिंग करवा देंगे। उन्होंने ऑक्सीजन की व्यवस्था सामने मैटरनिटी विंग में भी कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम अन्नावि दिनेश कुमार, एसडीएम अनिल कुमार, सीओ केशवनाथ, एसीएमओ डॉ. मुकेश दुबे, ईओ पंकज सिंह सहित चिकित्सक एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सोशल मीडिया का लिया जाएगा सहारा
तालबेहट। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि तीसरी लहर में अनुुुभवों को साझा करने के लिए उन्होंने मेडिकल कॉलेज झांसी के प्राचार्य डॉ नरेंद्र सिंह सेंगर से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के लिए कहा है। जिसमें मंडल भर के सीएमओ, एमओआईसी एवं अनुुुभवी चिकित्सकों को रखा जाएगा। जिसमें चिकित्सक अपने अनुभव एक दूसरे से साझा करेंगे, जो बच्चों के उपचार में काफी मददगार साबित होगा।