ललितपुर। जिले में हाईवे समेत विभिन्न सड़कों पर कई ओवरलोड वाहन मौत बनकर दौड़ रहे हैं। इनमें कई वाहनों में न तो रेडियम लगे हैं और न ही रिफ्लेक्टर लगे हैं। कइयों में तो पीछे लाइट और इंडीकेटर तक नहीं है। ऐसे में रात में वाहनों से दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। इसके बाद भी विभागीय जिम्मेदार अनदेखी कर रहे हैं। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
एआरटीओ द्वारा वाहनों को संचालित करने के लिए तमाम नियम बनाए हैं। इनमें वाहनों का पंजीयन विभाग में किया जाता है। पंजीयन के दौरान सवारी वाहन होने पर सवारियों की संख्या तय की जाती है। लोडिंग वाहनों में वजन तय किया जाता है। इसके साथ ही पंजीयन के दौरान वाहन की फिटनेट की जांच की जाती है। इसमें वाहनों में रेडियम, रिफ्लेक्टर दिशा सूचक लाइटों आदि की जांच की जाती है। इतने मानकों की जांच के बाद पंजीयन किया जाता है।
लेकिन तमाम नियमों कानूनों की कार्रवाई विभागीय दस्तावेजों तक ही सीमित रह गई है। ऐसा ही नजारा बुधवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर देखने को मिला। इनमें शहर के अभिलाषा पेट्रोल पंप के पास लोडिंग वाहन अधिक माल लादकर चल रहा था। इस वाहन में न तो इंडीकेटर लगे थे और न ही पीछे रेडियम, रिफ्लेक्टर लगे थे। इसके अलावा शहर के राजघाट मार्ग पर कई ट्रैक्टर-ट्रालियों में रेडियम नहीं लगे थे। इनमें रिफ्लेक्टर तो दूर लाइट तक नहीं थी। इसके अलावा भी शहर में ऐसे कई वाहन सड़कों पर फर्राटे भर रहे हैं।
इन वाहनों से दिन में तो दुर्घटना होने से बच जाती हैं लेकिन रात में स्थिति खराब हो जाती है। इसके अलावा ऐसे वाहनों में दिशा सूचक लाइट न होने से मुड़ने की जानकारी नहीं होती है। इससे अधिकांश दुर्घटनाएं होती हैं।
----
रस्म अदायगी कर रहा सचल दल
शासन ने ऐसे वाहनों पर नकेल कसने व कार्रवाई करने के लिए सचल दल बनाया गया है, जो सड़कों पर नियमों का उल्लंघन करने वालें वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करता है। लेकिन वर्तमान में जिम्मेदार रसम अदायगी कर रहे हैं। इसी कारण ही अधिकांश वाहन नियमों को धता बताकर खुलेआम फर्राटे भर हैं।
------
शहर में कई वाहनों में रेडियम व रिफ्लेक्टर नहीं होने की जानकारी हुई है। इसके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
बीके आस्थाना, एआरटीओ, सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय
सड़क पर दौड़ रहे ओवर लोड वाहन- फोटो : LALITPUR
सड़क पर दौड़ रहे ओवर लोड वाहन- फोटो : LALITPUR