ललितपुर। शहर में 6664 परिवारों को पानी उपलब्ध कराने के लिए चल रही नेहरू नगर पेयजल योजना के कार्य में सेतु निगम द्वारा बनाया जा रहा देवगढ़ ओवरब्रिज का निर्माण कार्य बाधा बना हुआ है। यहां पर कार्य चलने से पाइपलाइन नहीं बिछ पा रही है। वहीं अन्य स्थानीय लोगों की भूमि से पाइपलाइन निकलने में समस्या होने से कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में वर्तमान में महज 79 फीसदी कार्य ही पूरा हो सका है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो पानी के लिए तीन माह और इंतजार करना होगा।
नगर पालिका के मोहल्ला नेहरुनगर, जुगपुरा, सिद्दपुरा व चांदमारी समेत पेयजल समस्या से प्रभावित क्षेत्रों के 6664 परिवारों को पानी मुहैया कराने के लिए नेहरूनगर पेयजल योजना संचालित की गई है। इसमें अमृत योजना के अंतर्गत 46.24 करोड़ से नेहरू नगर में पानी की टंकी व चांदमारी में भी टंकी का निर्माण किया गया है। इसके अलावा घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए 72 किलोमीटर की पाइपलाइन बिछाई जानी है। योजना का निर्माण कार्य 2019 में शुरू किया गया था, जो वर्ष 2022 में पूर्ण किया जाना था। लेकिन लगातार निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं के चलते कार्य समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है। फरवरी माह में भी कार्य पूरा नहीं हो सकेगा।
वर्तमान में 65 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। सात किलोमीटर लाइन बिछाए जाने का कार्य शेष है। इसमें देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज निर्माण से पाइपलाइन नहीं बिछाई जा सकी है।
4405 परिवारों को दिए गए कनेक्शन
नेहरू नगर पेयजल योजना में 6664 परिवारों को पानी घर-घर तक पहुंचाया जाना है। इसके लिए निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। टंकी निर्माण व गलियों में पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद कनेक्शन जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया है। अब तक 4405 परिवारों का कनेक्शन कर दिया गया है।
वार्ड में लंबे समय से पानी की किल्लत बनी हुई है। इस पर विशेष निगरानी रखकर कार्य कराया जाना चाहिए, जिसे जल्द पानी मिल सके। - उदय प्रताप
रेलवे लाइन के इस पर करीब 30 हजार की आबादी के लिए पानी की समस्या बनी हुई है। पेयजल योजना का कार्य जल्द पूरा किया जाए। - रामबाबू यादव
मोहल्लावासियों को गर्मी में पानी की भीषण किल्लत होती है। पूरा दिन पानी जुटने में ही बीत जाता है। निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। - देवेंद्र राय
वार्ड में हैंडपंप तक पानी छोड़ जाते हैं, ऐसे में पानी की समस्या की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। जल्द व्यवस्था कराई जाए। - रामकुमार रजक
योजना का लगभग 79 प्रतिशत कार्य हो गया है। देवगढ़ ओवरब्रिज के स्थान पर पाइपलाइन बिछाए जाने का काम शेष रह गया है। कनेक्शन जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। - मुकेशपाल सिंह, परियोजना प्रबंधक, निर्माण इकाई नगरीय