जिले के धार्मिक और पिकनिक स्थलों के लिए रवाना होंगे लोग
दो हजार निजी वाहनों से भी पर्यटन स्थल घूमने जाएंगे लोग, खाटू श्याम व शिरडी के लिए भी रवाना हुए श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नव वर्ष के पहले दिन धार्मिक और पिकनिक स्थलों पर घूमने के लिए ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से लगभग डेढ़ सौ से अधिक वाहनों की बुकिंग हो गई है। वहीं, जिले में डेढ़ से दो हजार निजी चौपहिया वाहनों से भी लोग धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए जाएंगे।
लोग नए साल का जश्न मना रहे हैं। शहर में विभिन्न ट्रेवल एजेंसियों पर बुकिंग शुरू कर दी गई है। बुधवार की शाम तक लगभग डेढ़ सौ से अधिक चार पहिया वाहनों की बुकिंग की गई है। इनमें युवा वर्ग की ओर से सबसे अधिक बुकिंग की गई है। पचास वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों द्वारा धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए वाहनों की बुकिंग की गई है। इनमें अधिकांश वाहनों की बुकिंग जनपद के ही विभिन्न धार्मिक व पिकनिक पर्यटन स्थलों देवगढ़, माताटीला, बंदरगुढ़ा, पाली नीलकंठेश्वर, नाराहट क्षेत्र में डोंगरासन माता, पांडववन, करकरावल के अलावा चंदेरी, दतिया व ओरछा, झांसी का किला आदि स्थलों के लिए की गई है। लंबी दूरी की यात्रा पर जाने वाले लोग निकल गए हैं। खाटू श्याम, शिरडी और वैष्णो देवी की यात्रा पर भी श्रद्धालु गए हैं।