ललितपुर। डायमंड क्रिकेट क्लब ललितपुर 15 दिसंबर से एक अंतरराज्यीय लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन करेगा। इस प्रतियोगिता को ललितपुर कप नाम दिया गया है। इसका आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा।
टूर्नामेंट में स्थानीय टीमों के साथ प्रदेश और अन्य राज्यों की कई प्रतिष्ठित टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजक बृजबिहारी मिश्रा ने बताया कि भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, कानपुर, परबई, बांदा, उरई, जालौन, महोबा, चित्रकूट और हरियाणा की टीमें शामिल होंगी। ललितपुर की स्थानीय टीमें भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। बानपुर, महरौनी, पाली और तालबेहट की क्षेत्रीय टीमों को भी अवसर मिलेगा। इस अंतरराज्यीय टूर्नामेंट से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलेगा। विजेता टीम को 41 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि मिलेगी। उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता के लिए तैयारियां पहले ही शुरू कर दी गई हैं। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर एक अकादमी में बैठक हुई थी। इसमें विभिन्न टीमों की सहभागिता पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी टीमों की सहमति भी प्राप्त की गई। इस बैठक में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव बृजबिहारी मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार सिंह, सहीम बेग, अप्पू, नीतीश राज, संकेत कुशवाहा और संदीप उपस्थित रहे।