- दंत विभाग की टीम ने किया पहला ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में अब मुंह के कैंसर के ऑपरेशन हो सकेंगे। दंत विभाग की टीम ने मुंह के कैंसर से पीड़ित एक बुजुर्ग का ऑपरेशन किया है। अब मरीजों को मुंह के कैंसर के उपचार व ऑपरेशन के लिए महानगरों की ओर रुख नहीं करना होगा।
ब्लाॅक बिरधा अंतर्गत एक गांव निवासी 72 वर्ष वृद्ध व्यक्ति को कई माह से मुंह में छाला था, जिसका दर्द लगातार बढ़ रहा था। समस्या से परेशान होकर स्थानीय चिकित्सक से परामर्श लिया। इस पर गंभीर समस्या बताई। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण बाहर उपचार कराने नहीं जा रहा था।
अधिक परेशानी होने पर मेडिकल कॉलेज के दंत विभाग की ओपीडी में पहुंचा। यहां पर तैनात सर्जन डाॅ. दीपिका कुमारी जैन ने मुंह में छाले की गांठ की जांच कराई। इसमें कैंसर की पुष्टि हुई। इस पर मरीज को ऑपरेशन की सलाह दी। मरीज दर्द से अधिक परेशान था, जल्द ही ऑपरेशन को तैयार हो गया। इस पर विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुबरैले व सर्जन डाॅ. दीपिका कुमारी जैन, सहायक सर्जन डॉ. कोकिल, डाॅ. रितुल ने ऑपरेशन किया। विभागाध्यक्ष ने बताया कि ऑपरेशन में मरीज के दाये गाल की गांठ को निकाल दिया है। इसमें गाल का कुछ हिस्सा चला गया। इसके बाद फैसियल प्लास्टिक सर्जरी से चेहरे की चमड़ी को गाल पर पुन: लगा दिया गया। ऑपरेशन में नर्सिंग स्टाफ प्रभा, दीप्ति व राजेंद्र कुशवाहा आदि शामिल रहे। विभागाध्यक्ष ने बताया कि मुंह का कोई भी छाला व गांठ है, जो तीन सप्ताह से अधिक समय तक मुंह में हो, इसके लिए परामर्श लें।
इस संबंध में प्रधानाचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला ने बताया कि दंतरोग विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दांत, मुंह एवं जबड़े से संबंधित सभी प्रकार की बीमारियों (मुंह का कैंसर, चेहरे एवं जबड़े के जटिल से जटिल फैक्चर, मुंह का कम खुलना, ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, टंग टाई, तालू में छिद्र. जबड़े की गांठ, दांत व अक्ल दाढ़ निकालना, रूट कैनाल ट्रीटमेंट, बत्तीसी, फिक्स दांत, डेंटल इंप्लांट, दांतों में कच्चा पक्का मसाला व दांतों की मशीन द्वारा सफाई के उपचार की सुविधा है। इन मरीजों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना होगा।