तालबेहट। नगर के जेके पेट्रोल पंप पर पंद्रह दिन पहले हुई लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। नगर उद्योग व्यापार मंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। बीस दिसंबर को शाम छह बजे दो बाइकों से आए आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने ग्राम पूराकलां तिराहे पर स्थित पेट्रोल पंप से पांच लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली थी। लूट के बाद बदमाश वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के डीबीआर भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए। पुलिस ने मौकेे का निरीक्षण किया था और मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमों का गठन किया था, लेकिन पंद्रह दिन से अधिक बीत जाने के बाद भी अब तक खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों में आक्रोश है।
नगर उद्योग व्यापार मंडल ने पुलिस अधीक्षक कैप्टन मिर्जा मंजर बेग को ज्ञापन देकर घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की । ज्ञापन पर अशोक मोदी, गजेंद्र त्रिपाठी, चिंटू शिवहरे आदि के हस्ताक्षर हैं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए टीमें लगी हैं। शीघ्र खुलासा होगा।