ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में ऑल इंडिया कोटा की सीट पर प्रवेश की अवधि समाप्त हो गई है। महज दो ही विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। 13 सीटें रिक्त रह गईं हैं। वहीं स्टेट कोटा की भी 13 सीटें रिक्त हैं। इस तरह से एमबीबीएस में अब तक 74 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। दोनों तरह के कोटे की मिलाकर 26 सीट रिक्त हैं। विभागीय अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि अगले चरण की प्रवेश प्रक्रिया में सीट आवंटित होते ही प्रवेश सीट भर जाएंगी।
मेडिकल कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस की सीटों पर सीट आवंटित होने के साथ ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें ऑल इंडिया कोटा की निर्धारित 15 सीटों के आवंटित होने पर महज सात विद्यार्थियों ने ऑनलाइन प्रवेश लिया था, जो अपग्रेड होने के चलते अन्य कॉलेज में चले गए। इस तरह सभी सीट रिक्त हो गईं थी। इसके बाद ऑल इंडिया की 15 सीट द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवंटित हुईं, जिन पर 14 सितंबर से प्रवेश शुरू हो गए थे। निर्धारित तिथि 18 सितंबर तक महज दो ही विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इस तरह से इस कोटे की 13 सीटें रिक्त रह गई हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि तृतीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया में रिक्त सीट भर जाएंगी।
-
स्टेट कोटा की 13 सीटें हैं रिक्त
मेडिकल कॉलेज में स्टेट कोटा की 85 सीटें निर्धारित हैं। इन पर बीते दिनों प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें 72 विद्यार्थियों ने एमबीबीएस में प्रवेश लिया है। शेष विद्यार्थियों के काउंसलिंग में उपस्थित न होने के चलते प्रवेश नहीं हो सके हैं। इससे स्टेट कोटा की 13 सीटें खाली रह गईं हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रथम चरण की प्रवेश प्रकिया पूर्ण हुई है। द्वितीय चरण के प्रवेश के लिए सीट आवंटित होंगी।
-
मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया चरण वार चल रही है। अगले चरण में सीटें आवंटित होने पर प्रवेश दिए जाएंगे। इससे सभी रिक्त सीट भर जाएंगी ऐसी आशा है।
- डॉ. मधुरेंद्र राजपूत, नोडल अधिकारी, मेडिकल कॉलेज