ललितपुर। जनपद में कोरोना संक्रमण की जांच कराने वालों में अब एक फीसदी संक्रमित रह गए हैं। अब तक 11 महीने में 3,42,747 व्यक्तियों की जांच की गई है, जिसमें से 3,483 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जांच कराने वाले एक फीसदी व्यक्तियों में संक्रमण का खतरा बरकरार है। पहले संक्रमित मरीजों की संख्या दो फीसदी थी।
जिले में कोरोना संक्रमण ने नौ मई को दस्तक दी थी। तीन संक्रमित व्यक्तियों में एक की मौत हो गई थी। इसके बाद जून से लगातार अक्तूबर तक जांच में लगातार संक्रमित व्यक्ति पाए जाते रहे। अक्तूबर तक 1,34,567 लोगों की जांच की गई थी, जिसमें 2,775 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। ऐसी स्थिति में जांच कराने वाले व्यक्तियों में दो प्रतिशत कोरोना संक्रमण पाया जा रहा था।
अक्तूबर के बाद संक्रमितों की संख्या में कमी आई। जनवरी में पहली बार एक दिन में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। इसके बाद मार्च में अब तक छह दिनों में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। इसको लेकर संक्रमण से राहत बनी हुई है। लेकिन, जिले में संक्रमण का खतरा अभी तक टला नहीं है। अब भी जांच कराने वाले व्यक्तियों में एक फीसदी में संक्रमण पाया जा रहाहै।
--------
एंटीजन किट से जांच में मिले 79.6 फीसदी मरीज
जिले में आरटीपीसीआर किट, ट्रू-नॉट व एंटीजन किट से कोविड जांच की गई है। इनमें सबसे अधिक एंटीजन किट से संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं। अब तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,483 पहुंच गई है। इनमें 2,673 संक्रमित व्यक्ति एंटीजन किट की जांच में पाए गए हैं। आरटीपीसीआर किट से 539 व सबसे कम ट्रू-नॉट किट से 261 व्यक्ति संक्रमित मिले हैं।
-----
कोरोना को लेकर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। तीसरे चरण में वृद्ध जनों का टीकाकरण किया जा रहा है। संक्रमण की रोकथाम को लेकर लगातार कोविड जांच कर संक्रमितों को चिह्नित किया जा रहा है।
- डा. डीके गर्ग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी