बैंक के बाहर ग्राहकों के हाथ धुलाता सुरक्षाकर्मी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। बैंकों में कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर सख्त रवैया अपनाया जा रहा है। भीड़ को कम करने के लिए चार व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। साथ ही बैंकों में हाथ धोने के लिए सेनेटाइजर रखे गए हैं।
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को लेकर शासन ने सख्त रुख अपना लिया है। लोगों को भीड़- भाड़ वाले स्थानों पर न जाने की सलाह दी जा रही है। विद्यालयों में भीड़ पर नियंत्रण करने के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर जनता कर्फ्यू में कई ट्रेनों का रद्द किया गया है। निजी बस संचालकों ने भी जनता कर्फ्यू का समर्थन किया है, जिससे संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सके।
कोरोना वायरस महामारी घोषित होने के बाद सरकारी विभाग और संस्थाएं बचाव को लेकर सक्रिय हो गईं है। आर्थिक समस्याओं के निदान के लिए बैंकों में लोगों का जाना अधिक आवश्यकता है। बैंकों में लोगों के आवागमन की अनिवार्यता को लेकर कोरोना संक्रमण के नियंत्रण को लेकर सक्रिय होते जा रहे हैं। कुछ बैंकों ने बचाव की तैयारियां पूरी कर लीं हैैं। बचाव के लिए जागरुक किया जा रहा है। नियमों का पालन भी किया जा रहा है।
भारतीय स्टेट बैंक में संक्रमण नियंत्रण के इंतजाम बेहतर किए गए हैं। इन बैंकों में अधिक भीड़ न जुटे इसके लिए एक बार में केवल चार लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। चार लोगों के बाहर आने के बाद अन्य चार लोग अंदर जा रहे हैं। इससे बैंक में भीड़ नहीं होगी। साथ ही संक्रमण को नियंत्रण भी किया जा रहा है। इतना ही नहीं बैंक में अंदर जाने से पहले बैंक के सुरक्षाकर्मी द्वारा ग्राहकों के हाथ धुलाए जा रहे हैं। बैंकों में अधिकांश कर्मचारी मॉस्क लगाकर बैठ रहे हैं।
---------
कुछ बैंकों में नहीं हैं रोकथाम के इंतजाम
कुछ बैंकों में केवल कर्मचारियों के लिए ही सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। यहां पर कर्मचारियों को ही मात्र सेनेटाइजर की सुविधा की गई है। आने वाले ग्राहकों की भीड़ पर भी नियंत्रण नहीं किया गया है। इससे लोग बैंकों में अधिक समय तक नहीं थम रहे हैं। हालांकि, कोरोना वायरस के चलते लोगों की भीड़ भी अधिक नहीं जुट रही है।
-----------
बैंक के कर्मचारियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर जागरुक किया गया है। ग्राहकों को भी बचाव की व्यवस्था की गई है।
- एसके श्रीवास्तव
अग्रणी बैंक प्रबंधक