ललितपुर। साइबर अपराध करने वाले ठगों द्वारा ग्राम प्रधानों से ठगी का नया पैंतरा अपनाया जा रहा है। ऐसे मामलों में अनजान नंबर से कॉल करके वह लोग खुद को दरोगा या मित्र बताकर ग्राम प्रधानों से उनके गूगल पे या फोन पे नंबरों की जानकारी ले रहे हैं, ठग उनके अकाउंट खाली कर सकते हैं। इसके लिए पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार (एसपी) ने ग्राम प्रधानों को सचेत किया है कि ऐसे फोन आने पर किसी को भी गूगल पे या फोन पे की जानकारी न दें।
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने ग्राम प्रधानों एवं जनपदवासियों को एक रिकॉर्ड़िग सुनाते हुए बताया कि साइबर अपराध के चलते एक व्यक्ति लोगों को (विशेषकर ग्राम प्रधानों को) फोन करके उन्हें नाम से संबोधित करते हुए या प्रधान जी कहते हुए उनसे जानकारी मांग रहा है। उन्होंने बताया कि वह एक प्रधान से बात कर रहा है कि पहचाने या नहीं और जब प्रधान द्वारा पहचाने से मना किया गया तो वह उन्हें खुद को उनका पुराना मित्र या उनके क्षेत्र का दरोगा बता रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी कॉल से सजग रहें। यदि किसी ने उसकी बातों में आकर अपना या किसी परिचित का फोन पे या गूगल पे नंबर दे दिया तो निश्चित ही साइबर फ्रॉड के शिकार हो जाएंगे ।