ललितपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक ने शनिवार को कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। श्री मर्दन सिंह इंटर कॉलेज में निरीक्षण के दौरान विद्यालय में ऑनलाइन शिक्षण कार्य होते नहीं पाया गया, साथ ही विद्यालय परिसर के अंदर साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। इसे लेकर डीआईओएस ने व्यवस्था के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रामशंकर ने एसआरबी इंटर कॉलेज बांसी का निरीक्षण किया। प्रात: 10.10 बजे विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा था। प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया कि ऑनलाइन शिक्षण के साथ-साथ अध्यापकों द्वारा विषयवार नोट्स तैयार कराकर छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि यदि अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय में शिक्षण संबंधी लिखित सहमति/अनुमति प्रदान करते हैं तो छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिसर को कोरोना वायरस के संक्रमण के बचाव और रोकथाम संबंधी जारी दिशा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। कक्षा-9 से 12 तक के छात्रों को दूरदर्शन एवं स्वयं प्रभा चैनल पर प्रसारित साप्ताहिक कार्यक्रम की जानकारी दें। साथ ही कक्षा-9 से 12 तक के समस्त छात्रों का रजिस्ट्रेशन समय से कराएं। कक्षा-6 से 10 तक के छात्रों का इंस्पायर अवार्ड योजना के अंतर्गत पंजीकरण समय से करा लें।
उधर, श्री मर्दन सिंह इंटर कॉलेज तालबेहट में ऑनलाइन शिक्षण कार्य होते नहीं पाया गया। विद्यालय परिसर के अंदर साफ-सफाई संतोषजनक नहीं है। विद्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की साप्ताहिक/चक्रानुसार कार्य आवंटन/ड्यूटी नहीं लगाई गई है। इस पर प्रधानाचार्य को आदेशित किया गया है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की चक्रानुसार ड्यूटी का अनुपालन कराएं। और कार्रवाई का प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के उपस्थित समस्त शिक्षणेत्तर स्टाफ के साथ बैठक कर ऑनलाइन शिक्षण नियमित कराने और छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।