बानपुर। कोरोना संक्रमण अब गांवों की ओर बढ़ने लगा है। बानपुर के ग्राम छिल्ला में एक कोरोना पॉजीटिव मरीज मरीज की मौत हो गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गांव में एनाउंस कराकर बेवजह इकट्ठे नहीं होने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम छिल्ला निवासी 72 वर्षीय व्यक्ति को 20 जून को गुर्दा में तकलीफ होने पर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन पैरो में सूजन बढ़ने लगी तो चिकित्सकों ने कोरोना सैंपल लेकर 22 जून को झांसी रेफर कर दिया। झांसी में एडमिट होने के बाद उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई और कुछ देर के बाद मरीज की मौत हो गई।
मौत के बाद से प्रशासन हरकत में आ गया और ग्राम छिल्ला में जाकर मुनादी करा दी गई कि कोई भी व्यक्ति बेवजह घर के बाहर न निकले और भीड़ में इकट्ठा न हो। मास्क पहने और सोशल डिस्टेंस का पालन करे। एनाउंस होने के बाद ग्रामीणों को जानकारी लगी कि मरीज को कोरोना पॉजीटिव निकला है और उसकी मौत हो गई है। उसके परिवार की ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली गई तो पता चला कि मृतक का बेटा नोएडा में प्राइवेट जॉब करता था। वह दो महीने पहले वापस आ गया था। उसकी जांच भी हुई थी, लेकिन कोई लक्षण नहीं पाए गए थे।
स्वास्थ्य विभाग के रविकांत लिटौरिया के नेतृत्व में ग्राम छिल्ला गई टीम ने बाइस लोगों के सैंपल लिए। गांव में बेरीकेटिग लगाने का काम जारी है। अस्पताल में जिन चिकित्सा कर्मियों ने उपचार किया था, उनकी भी सैंपलिंग कराई जाएगी। विदित हो कि इससे पहले एक और कोरोना मरीज की मौत हो चुकी है। अब तक जिले में आठ लोगों में कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि हुई है।
मरीज कोरोना पॉजीटिव पाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। अब मृतक का अंतिम संस्कार करने के लिए अलग से एंबुलेस से उसके शव को लाया जाएगा और कड़ी सुरक्षा में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
- डा. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी