ग्राम अगार में हादसे में क्षतिग्रस्त पड़ा ट्रैक्टर
- फोटो : LALITPUR
जखौरा। थाना जखौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आगर के पास नीलगाय के अचानक सामने आ जाने से एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित होकर पलट गई और इसकी चपेट में आकर ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार की रात ट्रैक्टर चालक ग्राम मैनबारा से आगर जा रहा था। रात करीब 11 बजे जब वह नया कुआं के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से भागती हुई नीलगाय सामने आ गई। इससे ट्रैक्टर चालक मध्य प्रदेश के शिवपुरी व हाल निवासी ग्राम आगर वीरेंद्र सिंह का संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक्टर रफ्तार में होने के कारण सड़क के बगल में बनी गहरी खाई में जा गिरा, जिससे ट्रैक्टर का अगला पहिया टूट गया और ट्रैक्टर पलटी खाते हुए खदान में जा गिरा। इससे ट्रैक्टर पर बैठे ग्राम आगर निवासी शिवपाल (22) पुत्र रामपाल की ट्रैक्टर के नीचे दब जाने पर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना जखौरा के उपनिरीक्षक बृजेश कुमार, दिलीप कुमार, शिवराम आदि मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।