ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत गल्ला मंडी से घर लौट रहे दो पल्लेदारों की बाइक और एक कार में टक्कर हो गई, जिससे एक पल्लेदार की मौत हो गई, जबकि दूसरा पल्लेदार का उपचार झांसी में चल रहा है। थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम खड़ोवरा निवासी हरगोविंद (22) पुत्र खेत सिंह एवं जसवंत (18) पुत्र कमलू रविवार की देर शाम को गल्ला मंडी में किसी काम से गए थे। रात करीब आठ बजे वह अपनी बाइक से घर की ओर रवाना हुए, अभी गल्ला मंडी से चंद मीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि 66 केवी विद्युत सब स्टेशन के सामने एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में उपचार को ले जाया गया, जहां हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय हरगोविंद की हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।