ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरधा के पास हाइवे पर गाय सामने आने की वजह से एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें सवार एक युवक की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मध्यप्रदेश के जिला जबलपुर के मंडला, हाल भोपाल निवासी घनश्याम यादव (26) पुत्र सुंदरलाल यादव कार से भोपाल से बीएचईएल, झांसी जा रहे थे। उनकी कार बिरधा के पास हाइवे पर ही पहुंची थी कि अचानक से हाइवे पर एक गाय सामने आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे कार सवार घनश्याम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के माध्यम से उसे जिला अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल के आधार पर परिजनों को सूचना दे दी। मृतक के साथी भोपाल निवासी विष्णु यादव ने बताया कि घनश्याम भोपाल में ठेकेदारी करता था और उसकी दो वर्ष पहले ही शादी हुई थी।