मड़ावरा/ललितपुर। थाना गिरार अंतर्गत ग्राम कारीटोरन में गांव में ही खड़ी मोटरसाइकिल में टक्कर मारने से बाइक पर बैठे एक युवक की मौत हो गई। गिरार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना गिरार के ग्राम कारीटोरन निवासी सुजान सिंह (22) पुत्र कूरे माते रविवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव में ही कहीं जाने के दौरान अपनी मोटरसाइकिल रोककर खड़ा हो गया, उसकी बाइक पर पीछे गांव का ही चंद्रभान लोधी भी बैठे थे। इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति अपनी बाइक से तेज गति से आया और सुजान सिंह की मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि बाइक समेत युवक सुजान काफी दूर तक जा फिका। यह देख ग्रामीणों ने तत्काल उसे उठाकर मड़ावरा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं टक्कर मारने वाला बाइक चालक दीपेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जानकारी मिलने पर थाना मड़ावरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक सुजान के पिता कूरे माते ने बताया कि आरोपी बाइक चालक व उसके पिता उससे चुनावी रंजिश रखते हैं जिसके चलते साजिशन टक्कर मारी गई है।
बाइक की टक्कर से युवक सुजान सिंह की मौत हुई है। इस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
आनंद पांडेय, थानाध्यक्ष मड़ावरा।