ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत आलापुर गांव निवासी युवक की नहाते समय बिजली सिर पर गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम आलापुर निवासी रामजीवन राजपूत (21) पुत्र आशाराम राजपूत मंगलवार को सुबह गांव के पास में ही नहाने के लिए दुर्गा मंदिर स्थित हैंडपंप के पास गया था। वहां पर नहाते समय अचानक बिजली चमकी और उसके सिर पर गिर गई। इससे वह पर बुरी तरह से झुलस गया। आसपास के लोगों से घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग हैंडपंप के पास पहुंचे और अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। इसके पश्चात परिवार के लोगों ने मामले की सूचना जाखलौन थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा पर्वत राजपूत ने बताया कि मृतक रामजीवन ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की। इसके बाद पढ़ाई में रुचि न होने के कारण चार वर्ष पूर्व से ही वह पिता के साथ खेती में सहयोग करने लगा। बताया कि उसकी शादी तीन वर्ष पहले ग्राम धोवनाखेरी गांव के आशाराम की पुत्री आरती से हुई थी। रामजीवन की पत्नी गर्भवती है। मृतक दो भाइयों में बड़ा था।