गाज गिरने से एक की मौत, चार झ़ुलसे
ललितपुर/ बांसी। थाना नाराहट के अंतर्गत नाराहट में गाज गिरने से खेत पर किसान की मौत हो गई, जबकि थाना बालाबेहट के ग्राम महोली में गाज से खेत पर मौजूद मां-बेटे समेत तीन किसान झुलस गए। बांसी में महिला झुलस गई और भैंस की मौत हो गई।
रविवार की शाम को थाना नाराहट अंतर्गत कस्बा निवासी देवेंद्र (18) पुत्र गनेश कुशवाहा रविवार की शाम को खेत पर गया था। अभी वह उड़द उठा ही रहा था कि अचानक गाज गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस कर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। यह देख परिजन तत्काल उसे नाराहट में अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष निगवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया गाज गिरने की वजह से देवेंद्र कुशवाहा की मौत होने की जानकारी मिली है।
थाना बालाबेहट के ग्राम महोली में एक ही परिवार के मां बेटा समेत तीन लोग खेत पर गाज गिरने से झुलस गए। ग्राम महोली निवासी गनेशी (25), हरदयाल (13) पुत्र इमरत एवं रामदेवी (30) पत्नी इमरत खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान गाज गिर गई, जिससे तीनों झुलस गए, उनका जिला चिकित्सालय में उपचार कराया गया। चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर लिया, जहां इलाज चल रहा है। इनमें रामदेवी और हरदयाल मां बेटे हैं।
इसी तरह थाना जखौरा के बांसी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे अपने खेत पर मकान बनाकर रह रहे राजू रैकवार के मकान पर गाज गिरने से उनकी पत्नी ऊषा झुलस गईं। उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। गाज गिरने से मकान के पास ही खड़ी राजू रैकवार की भैंस की मौत हो गई। लेखपाल बांसी ने मौके पर आकर स्थिति देखी। ग्रामीणों ने राजू की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार से आर्थिक मदद देने की मांग की है।