ललितपुर। शासन के निर्देश पर नगर महायोजना व मास्टर प्लान को ऑन लाइन किया जाएगा। चूंकि, ललितपुर विनियमित क्षेत्र प्राधिकरण की नवीन नगर महायोजना तैयार नहीं हुई है, इस कारण विभाग को पांच वर्ष पूर्व समाप्त हो चुकी नगर महायोजना 1995-2011 को अपलोड करना पड़ रहा है। विभाग ने संपूर्ण जानकारी प्रदेश मुख्यालय भेज दी है। नई महायोजना बनने के बाद उसे अपलोड किया जाएगा।
मुख्य सचिव द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार विनियमित क्षेत्र विभाग को शहर विकास का मास्टर प्लान व बिल्डिंग बाईलॉज को अपनी-अपनी वेबसाइट पर और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कराते हुए आवास बंधु की वेबसाइट से भी इन जानकारियों को लिंक कराना है। ललितपुर नगर महायोजना का कार्यकाल वर्ष 1995 से 2011 तक था। महायोजना की समय अवधि समाप्त हुए करीब पांच वर्ष होने वाले हैं, लेकिन विभाग की ओर से नवीनीकरण कराने में लेटलतीफी की गई है।
इस कारण वर्तमान में विभाग पांच वर्ष पुरानी प्लानिंग से ही विकास कार्य करा रहा है। महायोजना के नवीनीकरण नहीं होने के कारण स्थानीय लोग खेतों व हरित पट्टी क्षेत्र में भी मकान बना रहे हैं। हालांकि, विभाग इस महायोजना को आगामी बीस वर्षों तक की प्लानिंग करके रिन्यू कराने की तैयारी में है। महायोजना वर्ष 2031 तक लागू रहेगी। इसका सर्वे निजी कंपनी ने दो माह पूर्व पूूर्ण कर लिया है। कंपनी द्वारा विभाग में पेश की गई सर्वे रिपोर्ट का भौतिक सत्यापन विगत जून माह में झांसी अपर सांख्यकी अधिकारी व उनकी टीम द्वारा पूर्ण कर लिया गया है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी द्वारा किए गए सर्वे में कुछ कमी सामने आई हैं। कमियों को दूर करने के लिए सर्वे करने वाली कंपनी को निर्देश दे दिए गए हैं। खामियों को दूर करने के बाद नगर महायोजना 2031 का बेसमैप (मानचित्र) तैयार हो सकेगा।
जनता को मिलेगी राहत
नगर महायोजना व बिल्डिंग बाईलॉज बेसमैप के साथ वेबसाइट पर अपलोड होने के बाद जनता को काफी हद तक राहत मिलेगी। नगर महायोजना में शहर के विकास व भूखंड से संबंधित समस्त जानकारी ऑनलाइन रहेगी कि शहर का कौन सा भूखंड व्यावसायिक व कौन आवासीय है। इसके अलावा उद्योग क्षेत्र, हरित पट्टीक्षेत्र की जानकारी मय मानचित्र के अपलोड की जाएगी। जनता इन सब जानकारियों को नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की बेवसाइट पर देख सकेगी। साथ ही शहर की आबादी, मनोरंजन स्थल, सांस्कृतिक ऐतिहासिक एवं पुरातत्व स्थल, यातायात व परिवहन व अन्य जानकारियों भी वेबसाइट पर अपलोड की जा रही है।
महायोजना व बिल्डिंग बाईलॉज को ऑनलाइन कराने के लिए संबंधित संपूर्ण जानकारी मुख्यालय को भेज दी गई है। बहुत जल्द ही इसको ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
एसके प्रजापति
- अवर अभियंता, विनियमित क्षेत्र प्राधिकरण