ललितपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या भले ही कम मिल रही हो, लेकिन संक्रमण रुक नहीं रहा है। बुधवार को कोरोना संक्रमित 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। इससे मौत का आंकड़ा बढ़कर 44 हो गया है। वहीं, विभिन्न सेंटरों से लिए गए सैंपल की जांच के दौरान छह व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
कस्बा बार निवासी 75 वर्षीय वृद्ध को बुखार होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार में उपचार के लिए आए थे। उनमें कोरोना के लक्षण पाए जाने पर जांच की गई, जिसमें वे पॉजिटिव पाए गए थे। बुखार होने के कारण वृद्ध को उपचार के लिए झांसी भेजा गया था। उन्हें महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया था। उनकी बुधवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे जिले में संक्रमितों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 44 पहुंच गया है।
जिले में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विभिन्न सेंटरों से लिए गए सैंपल में जांच के दौरान छह व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित में शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति, मोहल्ला नेहरू नगर निवासी 43 वर्षीय व्यक्ति और ग्रामीण क्षेत्र में ब्लाक बार के ग्राम बुरागांव निवासी 40 वर्षीय महिला, 55 वर्षीय व्यक्ति, 63 वर्षीय वृद्ध और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट निवासी 38 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई हैं।
250 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी
अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,877 और पहुंच गई है। इनमें 44 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2,793 स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में महज 40 कोरोना संक्रमित रोगों का उपचार चल रहा है। तीन दिन में आरटीपीसीआर जांच को लिए गए 250 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
बुधवार को कोरोना संक्रमित एक वृद्ध की झांसी में उपचार के दौरान मौत हो गई और छह व्यक्ति कोरोना जांच में संक्रमित पाए गए हैं।
- डा. मुकेश दुबे, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी