संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। उरई-भुआ रेल खंड के मध्य बृहस्पतिवार की देर रात को आंधी तूफान के चलते बिजली विभाग की हाईटेंशन लाइन गिरने से रेलवे की ओएचई लाइन टूट गई, जिससे रेलखंड की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे लखनऊ-कानपुर की ओर से आने वाली कई ट्रेन घंटों प्रभावित रही। लखनऊ से चलकर मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस शुक्रवार को तड़के चार बजे के स्थान पर आठ घंटे विलंब होकर दोपहर 11.58 बजे आई।
वहीं, वाराणसी से अहमदाबाद की ओर जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस शुक्रवार को सवा सात घंटे विलंब होकर दोपहर 2:18 बजे आई। इसी प्रकार मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस शुक्रवार को आठ घंटे विलंब होकर दोपहर 1:03 बजे आई। जबकि कुशीनगर एक्सप्रेस शुक्रवार को 8:19 घंटा विलंब होकर दोपहर 2.52 बजे आई। वहीं बृहस्पतिवार की रात को बीना से पहले करौंदा स्टेशन पर सिग्नल फैल्योर होने की वजह से कुछ ट्रेनें प्रभावित रहीं।