खाद न मिलने पर सड़क पर बैठे किसान। संवाद
मड़ावरा-रनगांव। तहसील क्षेत्र में खाद की भारी किल्लत के कारण शनिवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। मड़ावरा और परोल साधन सहकारी समितियों पर ताले लटके मिलने से नाराज किसानों ने मदनपुर-मड़ावरा मार्ग पर जाम लगा दिया। इस प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही ठप हो गई।
शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे किसान अपनी फसलों के लिए खाद लेने समितियों पर पहुंचे थे। लेकिन दोनों ही समितियों के दरवाजे बंद मिले और कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार के बावजूद भी समितियां नहीं खुलीं, जिससे किसानों का गुस्सा और बढ़ गया। गुस्साए दर्जनों किसानों ने एकजुट होकर समिति के बाहर धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कृष्णकांत पटेल और थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने किसानों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
अधिकारियों का हस्तक्षेप
अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए परोल साधन सहकारी समिति को तत्काल खुलवा दिया। इसके बाद खाद का वितरण भी शुरू करवाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने और खाद मिलने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद किसानों ने करीब आधा घंटे बाद जाम समाप्त कर दिया।
0000000000000000
वर्जन
किसानों के जाम लगाने की सूचना पर मौके पर जाकर बात की और एक समिति से खाद का वितरण शुरू कराने के बाद जाम खुल गया। -कृष्णकांत पटेल,नायब तहसीलदार