तालबेहट/ कड़ेसराकलां। थाना पूराकलां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेवरा गुंदेरा में बेतवा नदी में बकिया नामक स्थान पर लिफ्टर से हो रहे अवैध बालू खनन पर एसडीएम ने टीम के साथ छापा मारा। टीम ने भारी मात्रा में अवैध रूप से निकाली गई बालू और बालू निकालने में प्रयुक्त लिफ्टर व अन्य उपकरण और पाइपों को बरामद किया है।
इसके पहले अमर उजाला ने बालू खनन की खबर प्रकाशित की थी। खनन का समाचार छपने के बाद सोमवार को उपजिलाधिकारी मोहम्मद कमर, पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह व तहसीलदार श्रीकृष्ण ने राजस्व कर्मचारी एवं पुलिस के साथ छापा मारा। टीम ने मौके पर भारी मात्रा में अवैध रूप से निकली हुई बालू और बालू निकालने में प्रयुक्त लिफ्टर, बालू निकालने के उपकरण और पाइपों को बरामद किया। बाद में खनन अधिकारी मुकेश मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए थे।
नदी से हो रहा था अवैध खनन
जब अधिकारियों की टीम ने लेखपाल रमेश वर्मा से जमीन के संबंध में जानकारी ली तो पूरे राजस्व अधिकारी नक्शा देकर दंग रह गए। क्योंकि, उक्त जमीन में फसल लहलहा रही है। वह जमीन श्मशान घाट के समीप नदी से काफी दूर है। इससे स्पष्ट है कि अवैध खनन नदी से किया जा रहा था।
जब अधिकारियों की टीम अवैध खनन की जांच करने मौके पर पहुंची तो नदी के किनारे खेती करने वाली एक बृद्धा सुखिया ने दबे स्वर में बताया कि साहब ट्रैक्टर वालों ने उसकी फसल को बर्बाद कर दिया। फसल का नुकसान दिलाया जाए।
-----------------
लिफ्टर को बाहर निकालने में छूटा पसीना
मौके पर गए अधिकारियों के वाहनों को देखकर सतर्क खनन कारोबारी लिफ्टर को लेकर नदी के दूसरी ओर किनारे पर खड़ा करके भाग गए। अधिकारियों को लिफ्टर को इस ओर लाने में मशक्कत करना पड़ी।
तेरई फाटक पुलिस ने पकड़ा अवैध खनन में ट्रैक्टर
तालबेहट। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी तेरई फाटक क्षेत्र अंतर्गत चौकी प्रभारी संदीप सिंह ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को अवैध रूप से बालू का खनन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सोमवार को चौकी प्रभारी तेरई फाटक संदीप सिंह गश्त पर थे। उसी समय मुखबिर ने सूचना देते हुए बताया कि एक ट्रैक्टर बनगुवाकलां नहर की पुलिया के पास अवैध बालू ले जा रहा है। इस पर उन्होंने मौके पर जाकर चालक से बालू के प्रपत्र दिखाने को कहा, लेकिन चालक उन्हें कुछ भी नहीं दिखा सका। इस पर उन्होंने ट्रैक्टर को कोतवाली में खड़ा करवा दिया और चालक विनोद अहिरवार के खिलाफ खनन अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जहां से पुलिस ने आरोपी चालक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उसे जेल भेज दिया गया। ---------------------------------------
अभी लिफ्टर और अन्य सामग्री को लेकर थाना पूराकलां में रखवाया जाएगा। इसके बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
- मोहम्मद कमर, एसडीएम तालबेहट