संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। किसानों की आमदनी दोगुना करने के लिए खिरिया लटकंजू में हाईटेक नर्सरी निर्मित हो गई है। उन्नत किस्त के फल और सब्जियों की पौध तैयार करने की टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। मनरेगा के 1.9 करोड़ के बजट से इसे बनाया गया है। यहां किसान अपनी पसंद के बीज की पौध तैयार करा सकेंगे। किसानों से प्रति पौध एक रुपये लिया जाएगा।
तहसील महरौनी के खिरिया लटकंजू में 1.9 करोड़ से हाईटेक नर्सरी बनाने का काम वर्ष 2023 में शुरू हुआ था। एक हेक्टेयर भूमि पर यह नर्सरी बनकर तैयार है। जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान ने बताया कि किसानों को सब्जियों व फलों की उन्नतिशील प्रजातियों की अगेती पौध उपलब्ध हो सकेगी। नर्सरी में रोग रहित पौधे समय से पूर्व ही तैयार कर दिए जाएंगे। फल और सब्जी की पौध तैयार करने के लिए किसानों को जमीन खाली नहीं रखनी होगी।
अन्य फसल के कटते ही नर्सरी से पौध लाकर खेतों में रोप दिए जाएंगे। इससे फसल चक्र का एक माह का समय भी बचेगा। यहां नए और उन्नत किस्म के बीजों से शिमला मिर्च, हरी मिर्च, गोभी, टमाटर, लौकी, कद्दू, खीरा, बैंगन आदि सब्जियों की पौध तैयार की जाएगी। एक वर्ष में यहां छह लाख पौधे तैयार हो सकेंगे।
मौसम के अनुकूल तैयार की जाएगी नर्सरी
नर्सरी में मौसम के अनुकूल सब्जियों की पौध तैयार की जाएगी। इसके लिए पॉली हाउस और अन्य तकनीकों का भी प्रयोग किया जाएगा। यहां किसानों की डिमांड पर भी सब्जी की पौध तैयार की जाएगी। इस नर्सरी के साथ उद्यान विभाग की नर्सरी में फलों के भी पौधे तैयार किए जाएंगे, जिससे किसान अधिक फसल लेकर मुनाफा प्राप्त कर सकें। किसानों की डिमांड पर आम, अमरूद, पपीता, बेर आदि फलों के पौधे तैयार होंगे।
-
एक हेक्टेयर में हाइटेक नर्सरी बन जाने से किसानों को सब्जियों व फलों के उन्नतिशील प्रजातियों की रोग रहित पौध उपलब्ध हो सकेगी। किसान सब्जियों की अगेती फसल तैयार कर उसे अच्छे दाम पर बाजार में बेच सकेंगे।
परवेज खान, जिला उद्यान अधिकारी
-
खिरिया लटकंजू और खिरिया मिश्र में मनरेगा के बजट से 1.9 - 1.9 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक नर्सरी बनाई जा रही है। लटकंजू की नर्सरी बनकर तैयार हो गई, जबकि खिरिया मिश्र की हाईटेक नर्सरी का काम अंतिम चरण में है। इस वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व वह भी पूरी हो जाएगी।
रवींद्रवीर यादव, डीसी मनरेगा